लाडोवाल टोल प्लाजा पर लुटेरों ने की लूटपाट

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 08:43 AM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): लाडोवाल टोल प्लाजा पर देर शाम 5 बजे डेढ़ दर्जन नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर 4 बूथों में तोड़-फोड़ कर दी। अपने ऊपर जानलेवा हमला होता देख कर्मचारी जान बचाने के लिए बूथ छोड़ कर भाग निकले। इसके बाद लुटेरे बूथों में पड़ा सारा कैश लूट कर 4 कारों में फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी इंस्पैक्टर वरिंदरपाल ने बताया कि लुटेरे लुधियाना की तरफ  जाने की बजाय गांव की तरफ  जाने वाली सड़क की तरफ  घूम गए। उन्होंने नजदीकी पुलिस स्टेशनों से संपर्क कर सभी रास्तों पर नाकाबंदी करवा दी है। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं लगा। सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद से लुटेरों का पता लगाया जा रहा है। 

घायल कर्मचारी के सिर पर लगे 12 टांके
हमले में घायल हुए रमन कुमार ने पुलिस को बताया कि शाम 5 बजे वह जालंधर की तरफ  जाने वाले वी.आई.पी. बूथ पर ड्यूटी कर रहा था। तभी डेढ़ दर्जन के करीब नकाबपोश लोग प्लाजा की तरफ  आए और अपने पीछे छिपाए तेजधार हथियार और डंडे निकाल कर चारों बूथों पर धावा बोल कर शीशे तोड़ कर अंदर दाखिल हो गए। इस दौरान एक हमलावर ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। रमन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने उसके सिर पर 12 टांके लगाए हैं। 

40 से 50 लाख रुपए है एक दिन की कलैक्शन : मैनेजर
टोल प्लाजा के मैनेजर चंचल सिंह राठौर ने बताया कि लुटेरे 4 कारों में आए थे। प्लाजा के नजदीक पुलिस थाना है और वाहनों की जांच करने के लिए 24 घंटे पुलिस चैक पोस्ट बनीं हुई है। उसके बावजूद लुटेरे वारदात कर गए। लुटेरों को पता था कि टोल प्लाजा पर हर तरफ  कैमरे लगे हैं जिस कारण उन्होंने अपने मुंह ढके हुए थे। मैनेजर ने कहा कि लाडोवाल टोल प्लाजा की एक दिन की कलैक्शन 40 से 50 लाख के करीब की बनती है। लुटेरे कितना कैश ले गए इसका पता जांच के बाद ही चलेगा। 

swetha