नकाबपोशों ने सो रहे पंजाबी सिंगर व पत्नी को स्प्रे से किया बेहोश, मंजर देख पुलिस भी हैरान

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2022 - 01:48 PM (IST)

लुधियाना(बेरी): ताजपुर रोड पर रहने वाले पंजाबी सिंगर के घर को चोरों ने निशाना बनाया। घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे चोर खिडक़ी तोड़कर कर घर के अंदर दाखिल हुए और सो रहे पंजाबी सिंगर और उसकी पत्नी को स्प्रे कर बेहोश कर दिया।

इसके बाद साथ वाले कमरे में रखी अलमारी के लॉक तोड़कर लाखों रुपए की चोरी कर आसानी से फरार हो गए। अगली सुबह जब नींद खुली तो घटना का पता चला। फिर सूचना पुलिस को दी गई। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने हरबंस सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पंजाबी सिंगर हरबंस सिंह ने बताया कि वह ताजपुर रोड की भोला कालोनी में रहता है। उसकी डेयरी भी है। उसके बच्चे कैनेडा में हैं। कुछ दिनों से घर का निर्माण कार्य चल रहा था। जोकि तकरीबन पूरा हो चुका था। वह बुधवार-वीरवार की मध्यरात्रि को अज्ञात चोर उसके घर के अंदर घुसे और अलमारी से 7 लाख रुपए कैश, करीब 10 लाख के गहने, पासपोर्ट, ए.टी.एम. कार्ड एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए। हरबंस सिंह ने कहा है कि घर के पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक करने पर 5 आरोपी नजर आए हैं जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था ताकि उनकी पहचान ना हो सके। हरबंस सिंह का कहना है कि उसे शक है कि चोरों ने वारदात से पहले स्प्रे किया होगा, तभी उन्हें वारदात का पता तक नहीं चल पाया।

Content Writer

Vatika