फैक्ट्री मालिक से दिन-दिहाड़े मोबाइल स्नैचिंग, CCTV में कैद हुए बाइक सवार लुटेरे
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 09:28 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में बाइक सवार लुटेरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त के दावों को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार लुटेरों ने शिवपुरी इलाके में एक फैक्ट्री मालिक को अपना निशाना बनाया और दिन-दिहाड़े उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। हालांकि, भागते समय आरोपियों की यह करतूत और उनके चेहरे पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
घात लगाकर खड़े मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने अपनी चाल चली
फैक्ट्री मालिक पंकज ने बताया कि वह शाम को अपनी फैक्ट्री के बाहर खड़ा हुआ था, तभी उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। जैसे ही वह फोन रिसीव कर बात करने लगे, पास ही गली के नुक्कड़ पर घात लगाकर खड़े मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने अपनी चाल चली। आरोपी अचानक तेज रफ्तार में पंकज के करीब आए और बिजली जैसी फुर्ती के साथ उनके हाथ पर झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया।
पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लिया
उसने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा भी किया और शोर मचाया, लेकिन शातिर लुटेरे गलियों के रास्ते भागने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज की शुरुआती जांच में एक आरोपी का चेहरा पूरी तरह साफ नजर आ रहा है और उनके मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी पहचानी जा सकती है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

