प्रेम संबंध बने मौत की वजह! नहर किनारे मिली युवक की लाश, पुलिस ने दबोचा मुख्य आरोपी
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 09:57 PM (IST)
पायल (विनायक): पायल सब-डिवीजन पुलिस ने गांव नानकपुर जगेड़ा के नजदीक हुए अंधे कत्लकांड को कुछ ही घंटों में सुलझाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बाद में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र स्व. सिकंदर सिंह निवासी गांव घुंगराणा, थाना जोधां, जिला लुधियाना के रूप में हुई है, जबकि इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों तरनजीत सिंह उर्फ हनी पुत्र सुखविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र राजमन सिंह उर्फ राजी निवासी गांव घुंगराणा, थाना जोधां, जिला लुधियाना, लाडी चहल निवासी फग्गूवाल, थाना भवानीगढ़, जिला संगरूर तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पायल के डी.एस.पी. हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत उनके नेतृत्व में थाना मलौद और चौकी सियाड़ की संयुक्त पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस हत्या के मामले को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है।
डीएसपी हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि 15 मई 2026 को गांव नानकपुर जगेड़ा में नहर पुल के नजदीक एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान ओंकार सिंह उर्फ गुरी पुत्र लखवीर सिंह उर्फ बीरी निवासी गांव घुंगराणा, थाना जोधां, जिला लुधियाना के रूप में हुई थी। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना मलौद के मुख्य अधिकारी थानेदार चरणजीत सिंह तथा चौकी सियाड़ के इंचार्ज हरजिंदर सिंह द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई थी।
पुलिस ने मृतक के पिता लखवीर सिंह उर्फ बीरी के बयानों के आधार पर थाना मलौद में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस जांच के दौरान पुलिस टीमों द्वारा ह्यूमन सोर्स और टेक्निकल इनपुट्स की मदद से सबूत एकत्र किए गए, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मृतक ओंकार सिंह उर्फ गुरी के आरोपी गुरप्रीत सिंह की बहन के साथ प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार 14 और 15 मई की मध्य रात्रि को गुरी, गुरप्रीत सिंह की बहन को अपने साथ लेकर गांव नानकपुर जगेड़ा आया था। इस दौरान गुरप्रीत सिंह अपने कुछ साथियों सहित उनके पीछे वहां पहुंच गया और अपनी बहन के साथ प्रेम संबंधों की रंजिश के चलते गुरी को काबू कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस पिटाई के दौरान गुरी की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी उसकी लाश को नानकपुर जगेड़ा के सामने हाई स्कूल की दीवार के पास मेन रोड किनारे फेंककर फरार हो गए।
डीएसपी हरमनप्रीत सिंह ने आगे बताया कि पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। इस मामले में तरनजीत सिंह उर्फ हनी, सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा, लाडी चहल और एक अज्ञात व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

