तस्वीरेंः वेटलैंड क्षेत्र कुदरती नजारों से परिपूर्ण

punjabkesari.in Monday, Nov 11, 2019 - 11:01 AM (IST)

रूपनगर(विजय): रूपनगर शहर प्राकृतिक नजारों से परिपूर्ण क्षेत्र माना जाता है जिसमें रूपनगर का अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड क्षेत्र विशेष तौर पर चर्चा में रहता है। सर्दियों के दिनों में इस क्षेत्र में प्रवासी व विदेशी पक्षियों का जमावड़ा लगना आरंभ हो जाता है। गौरतलब है कि रूपनगर वेटलैंड क्षेत्र का रकबा 1365 हैक्टेयर के लगभग है।

वर्ष 1992 में इसे राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली एवं वर्ष 2002 में यह अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड के तौर पर प्रख्यात हुआ। यहां पर ब्रह्मणी ईल, पोचार्ड, बिरछी टील, सावा मग, सुरखाव, गैडवाल सहित अन्य विदेशी पक्षियों को आमतौर पर देखा जाता है।

इसके अलावा साथ लगते सतलुज दरिया में तरह-तरह की मछलियां पाई जाती हैं जिसके चलते यह क्षेत्र सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहता है। पक्षी प्रेमियों की तरफ से लगातार सरकार व प्रशासन से मांग की जाती रही है कि रूपनगर क्षेत्र को पर्यटन के रूप में बढ़ावा देने के लिए इस क्षेत्र का योग्य तरीके से विकास किया जाए ताकि यहां सैलानियों की आमद बढ़ सके। वेटलैंड के साथ पड़ते बोट क्लब के बंद होने से सतलुज दरिया में वोटिंग का रुझान खत्म हो चुका है।

वर्णनीय है कि वैटलैंड क्षेत्र में एक ओर शिवालिक की पहाड़ियों का कुदरती नजारा पेश होता है, वहीं सतलुज दरिया के अलावा इसमें से सरहिंद नहर निकलती है। सतलुज नहर व सरहिंद नहर को पंजाब की खेती के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। लोगों की मांग है कि वेटलैंड क्षेत्र के साथ लगते महाराजा रणजीत सिंह बाग एवं तोड़े गए पिंकाशिया टूरिस्ट स्पॉट को भी नए सिरे से विकसित किया जाए।



 

Edited By

Sunita sarangal