सिद्धू मूसेवाल पर ज्ञानी रघुवीर सिंह सख्त, मांगी कार्रवाई

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2019 - 03:43 PM (IST)

रूपनगर/श्री आनंदपुर साहिब(विजय): पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की तरफ से माई भागो जी का नाम एक गाने में इस्तेमाल करने के मामले में ज्ञानी रघुबीर सिंह ने कहा कि यह बहुत बड़ी गलती की है जो न बर्दाशत और न ही माफ करने योग्य है। उन्होंने कहा कि सिख पंथ में माई भागो जी का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। माई भागो जी ने सिख पंथ की बहुत बड़ी सेवा की है। उन्होंने दुश्मनों का डट कर मुकाबला किया है। अपने हर युद्ध में एक सच्चे संत सिपाही का रोल अदा किया है। 

सिख वीरों की भांति माई भागो जी भी हर चुनौती को स्वीकार करने के लिए तत्पर रहती थीं परंतु गायक सिद्धू मूसेवाल ने दुनिया में शोहरत प्राप्त करने के लिए अपनी गीत में सिख पंथ की बहुत ही आदरणीय शख्सियत माई भागो जी का जिक्र कर बहुत बड़ी गलती की है जो माफी योग्य नहीं है। रघुवीर सिंह ने कहा कि सिख कौम में नारी जाति का विशेष स्थान है।

गुरु साहिबान ने गुरुबाणी में स्त्री जाति का सत्कार किया है जबकि गायक द्वारा महिला की तुलना बंदूक से करना तथा सिख पंथ की आदरणीय शख्सियत का जिक्र करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। संबंधित गायक ने सिखों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। इस तरह के गीत लिखने व गाने वालों पर सरकार व प्रशासन तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करे ताकि इससे प्रदेश का माहौल खराब न हो।

Vatika