पुलिस थाने पर हुए RPG हमले में शामिल आरोपी की गोलियां मारकर हत्या, गैंग ने ली जिम्मेदारी
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 01:43 PM (IST)
तरनतारन (रमन): विधानसभा हलका पट्टी के अधीन आते कस्बा नौशहरा पन्नूआं में जेल से जमानत पर बाहर आए एक व्यक्ति की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां मार कर देर शाम हत्या करने का मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद इलाके में काफी डर का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर प्रभ दासूवाल और उसके साथियों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी भी ले ली गई है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद जिले के सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मृतक सरहाली थाने में हुए RPG हमले में शामिल बताया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अजमीत सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी नौशहरा पन्नूआं जो कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था, उसके खिलाफ सरहाली थाने में बीते समय के दौरान RPG हमले के तहत मामला दर्ज है। देर शाम जब जगमीत सिंह नौशहरा पन्नूआं अड्डे पर मौजूद था तो मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सरहाली थाने की पुलिस और जिले के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल होती दिखी, जिसमें गैंगस्टर प्रभ दासूवाल और अफरीदी टूट ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए जगमीत सिंह को गैंगस्टर सतनाम सिंह सत्ता का साथी बताते हुए फिरौती के मामले में रेकी करने के दौरान भूमिका निभाने का हवाला दिया।
हालांकि किसी भी पुलिस अधिकारी ने इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिले के SSP सुरिंदर लांबा ने बताया कि पुलिस ने इस हत्या मामले में अलग-अलग एंगल से जांच शुरू कर दी है। जिसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा और असली आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

