फगवाड़ा की कॉलोनी में गुंडागर्दी का तांडव, बना दहशत का माहौल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 10:21 AM (IST)

फगवाड़ा (जलोटा): औद्योगिक नगर फगवाड़ा की छज्ज कॉलोनी में गत मध्यरात्रि पश्चात उस समय भारी डर और दहशत का माहौल बन गया जब कथित तौर पर करीब 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से लैस होकर देखते ही देखते रिहायशी इलाके के घरों आदि के दरवाजों और खिड़कियों को निशाना बना इनकी तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। मामला यहीं पर नहीं थमा। इसी दौरान आरोपियों ने घरों के बाहर लगे बिजली के मीटर और अन्य सामान की भी जमकर तोड़फोड़ कर डाली। आरोपी हमलावरों द्वारा इलाके में आधी रात उपरान्त किए गए तांडव की हकीकत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि रात के समय छज्ज कॉलोनी में क्या घटा है। वहीं घटना से इलाके के निवासियों में भारी डर और रोष पाया जा रहा है। 

पुरानी रंजिश या मामूली विवाद? 

पीड़ितों के अनुसार इस हमले की जड़ में कुछ दिन पहले हुआ एक मामूली विवाद बताया जा रहा है? एक पीड़ित ने बताया कि कुछ युवक उसके पास आए थे और किसी बात को लेकर बहस हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उन युवकों ने उसके साथ हाथापाई की थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए गत आधी रात को भारी संख्या में युवक कॉलोनी में दाखिल हुए और वह सब अंजाम दे डाला जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

PunjabKesari

तेजधार हथियारों के साथ आए थे दो दर्जन के करीब हमलावर 

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों और पीड़ितों ने बताया कि हमलावर तलवारों,गंडासों और लाठी-डंडों से लैस थे। कुछ पीड़ितों ने यह भी दावा किया कि हमलावरों के पास पिस्तौल भी थी जिसे दिखाकर उन्होंने लोगों को डराने की कोशिश की है? हालांकि इस की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ितों ने बताया कि हमलावरों ने उनके घरों के मुख्य द्वारों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने कहा, "हम घर के अंदर रात्रि विश्राम कर रहे थे कि अचानक गेट टूटने की आवाजें आने लगीं। हमलावर अंधाधुंध तोड़फोड़ कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि वह जान लेने की नीयत से आए हैं।"

PunjabKesari

पुलिस सारे मामले की जांच में जुटी 

प्रकरण संबंधी पीडितों का दावा हैं कि घरों के गेट, खिड़कियां और बिजली के मीटर तोड़े गए हैं, जिससे उनका आर्थिक तौर पर भारी नुक्सान हुआ है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची बताई जा रही है। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली थी और वह तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह दो पक्षों के बीच आपसी झगड़े का मामला लग रहा है।

पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तांकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी मध्य खबर लिखे जाने तक पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। इनमें 2 आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 194(2),324 (4),351(2),191(3),190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन अभी किसी भी आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया गया है।

PunjabKesari

जनसुरक्षा पर उठे सवाल 

फगवाड़ा की घनी आबादी वाली छज्ज कॉलोनी में गत देर रात घटी घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना हैं कि अगर हमलावर किसी व्यक्ति के हाथ लग जाते तो बड़ी जानी हानि हो सकती थी। उन्होंने मांग की है कि इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और इन असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News