पहले Thar से ओवरटेक कर रोका, फिर चलाई गोलियां… Road Rage का आरोपी हथियार समेत Arrest
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 05:19 PM (IST)
रूपनगर(विजय): डी.एस.पी. (डी) राजपाल सिंह गिल ने बताया कि वरिंदर सिंह उर्फ मावी पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव सलेमपुर, थाना सदर मोरिंडा के बयानों के आधार पर थाना सदर मोरिंडा में धारा 109, 126(2), 140(1), 62, 324(4) बी.एन.एस. और 25, 54, 59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्त्ता ने अपने बयानों में बताया कि वह अपने साथी हरजिंदर सिंह उर्फ हैप्पी के साथ बोलेरो गाड़ी में खरड़ से अपने गांव सलेमपुर जा रहा था। रसूलपुर में गुरुद्वारा साहिब के पास एक थार गाड़ी चालक ने तेज रफ्तार से उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और फायरिंग कर दी। इसके बाद जब वे सलेमपुर पहुंचे तो थार चालक भी उनके पीछे-पीछे गांव तक पहुंच गया।
इस दौरान उन्होंने एक बोलेरो गाड़ी को टक्कर मार दी और हरजिंदर सिंह उर्फ हैप्पी को हथियार की नोक पर गाड़ी में जबरदस्ती बैठाने की कोशिश की और 2-3 गोलियां भी चलाईं। इसके बाद दोनों लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
डी.एस.पी. (डी) ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी नंबर पी.बी. 65 बी.एफ.-7648 के चालक जसवीर सिंह उर्फ काला पुत्र भाग सिंह निवासी गांव समरौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, 6 खोल और फायरिंग में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी बरामद की गई। उन्होंने कहा कि शुरूआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह घटना ‘रोड रेज’ से जुड़ी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

