पंजाब का दौरा करने जा रहे सचिन पायलट, 11 जिलों में जाएंगे, जानें पूरा शेड्यूल

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 05:10 PM (IST)

पंजाब डेस्कः पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट कल का पंजाब दौरा करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 16 से 20 अक्टूबर तक 5 दिन सचिन पायलट पंजाब में रहेंगे। जानकारी अनुसार सचिन पायलट पंजाब के करीब 11 जिलों का दौरा करेंगे जिनमें मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर शामिल है। इस दौरान वह गैंगस्टर हिंसा में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया सेल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हिंसक घटनाओं के पीड़ित परिवारों के साथ दुख सांझा करना और उन्हें न्याय दिलाने के लिए उनकी आवाज बुलंद करना है। सचिन पायलट विभिन्न जिलों में पीड़ित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह अपराध से जुड़े मामलों और पुलिस व राज्य सरकार की ओर से की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी लेंगे।

पार्टी के अनुसार, कई मामलों में हत्याओं की जिम्मेदारी गैंगों ने ली है या इनका संबंध संगठित अपराधी गिरोहों से जोड़ा गया है। कांग्रेस का दावा है कि कई परिवार महीनों से, जबकि कुछ परिवार वर्षों से आरोपियों की गिरफ्तारी, चार्जशीट दाखिल होने और निष्पक्ष सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं।

सचिन पायलट के इस दौरे के दौरान  कांग्रेस ने कहा है कि पीड़ित परिवारों की न्याय की मांग को जनता और राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन मामलों को अदालतों में भी उठाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News