लोगों को सत्गुरु कबीर जी की शिक्षाओं पर चलना चाहिए : धर्मसोत

punjabkesari.in Saturday, Jun 30, 2018 - 09:39 AM (IST)

जालंधर/खन्ना (कमल): सत्गुरुकबीर जी की तरफ से लोगों को विश्व शांति और भाईचारे के दिए गए संदेश पर चलने का आह्वान करते वन और अनुसूचित जाति और पिछड़ी श्रेणी कल्याण मंत्री पंजाब साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि सत्गुरु कबीर जी का जीवन, सोच और शिक्षाएं लोगों को सही मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ अज्ञानता के अंधेरों में से निकालने के लिए बहुत ही सार्थक सिद्ध हो रही हैं। 

कबीर जी के प्रकाशोत्सव संबंधी आज जालंधर में राज्य स्तरीय समागम के मौके पर लोगों को इस पवित्र दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने लोगों को कबीर जी की शिक्षाओं पर चलने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कबीर जी की बाणी आज के समय में मानवता को पेश आ रही अनेकों समस्याओं का निवारण कर रही है। धर्मसोत ने कहा कि सत्गुरु कबीर जी की तरफ से दिए गए विश्व शान्ति और भाईचारे के संदेश का प्रचार करना समय की जरूरत है।

इस मौके पर संबोधित करते जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि समाज में से बुराइयों को खत्म करने के लिए हमें कबीर जी की तरफ से दिखाए मार्ग को अपनाना चाहिए। विधायक सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि कबीर जी की शिक्षाएं जाति-पाति और धार्मिक भेदभाव से ऊपर हैं। इससे पहले डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरिन्द्र कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री मलकीत सिंह दाखा, यशपाल सिंह धीमान और अन्य प्रसिद्ध शख्सियतें उपस्थित थीं। 

Vatika