टी. साहू छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा होंगे

punjabkesari.in Tuesday, Nov 06, 2018 - 05:35 PM (IST)

जालंधर(धवन): कांग्रेस नेतृत्व ने यद्यपि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी के किसी भी नेता को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से गुरेज किया है परन्तु माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में टी. साहू कांग्रेस का प्रमुख चेहरा हो सकते हैं। 

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने साहु को चुनावी जंग में उतरने के निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ मे साहू कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बाघेल हैं, जबकि राज्य के पार्टी प्रभारी पी.एल. पूनिया हैं। बाघेल तथा पूनिया के आपसी संबंध अच्छे नहीं हैं। माना जा रहा है कि टी. साहू को केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा धीरे धीरे पार्टी का चेहरा घोषित किया जा रहा है। चाहे पार्टी का केन्द्रीय नेतृत्व साहु को औपचारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार न भी ऐलाने, परन्तु फिर भी साहु को धीरे धीरे पार्टी आगे ला रही है। साहु को दुर्ग (ग्रामीण) विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे के निर्देश जारी हो चुके हैं। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व ने 12 अक्तूबर को एक बैठक की थी, जिसमें साहु तथा राज्य के चार अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया था। 69 वर्षीय साहु इस समय अन्य पिछड़े वर्ग (ओ.बी.सी.) से संबंध रखने वाले नेता हैं। उनका राज्य की राजनीति में काफी प्रभाव है क्योंकि एकमात्र कांग्रेसी सांसद होने के कारण उनकी सियासी गतिविधियां काफी तेज रहीं। छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 व 20 नवम्बर को चुनाव होने हैं। कांग्रेस इस समय  राज्य में भाजपा का 15 वर्षों का शासन खत्म करने के लिए चुनावी मैदान में उतरी हुई है। चुनावी नतीजे 11 दिसम्बर को घोषित होंगे। साहु पार्टी के प्रमुख नेता के रूप में इसलिए भी उभर रहे हैं क्योंकि कांग्रेस द्वारा 27 अक्तूबर को घोषित उम्मीदवारों की तीसरी सूची में दुर्ग (ग्रामीण) सीट से केन्द्रीय नेतृत्व ने प्रतिमा चंद्राकर को बदलते हुए साहु को टिकट दे दी थी। 

राज्य के चुनावी अभियान से जुड़े सामग्री में अब साहू की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं। साहु से जब इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के प्रत्येक फैसले पर अमल करेंगे। साहु समुदाय में कांग्रेसी नेता साहु का काफी प्रभाव माना जाता है। साहु समुदाय किसानों तथा छोटे व्यापारियों के बीच फैला हुआ है। छत्तीसगढ़ की 16 प्रतिशत जनसंख्या साहु समुदाय से संबंधित है। राज्य की 90 सीटों में से 18 सीटें ऐसी हैं, जहां साहु समुदाय से जुड़े मतदाताओं की गिनती 40 प्रतिशत से अधिक है, इसलिए  छत्तीसगढ़ में साहु समुदाय का भरोसा जीतने के लिए साहु को प्रमुख चेहरे के रूप में आगे करना पार्टी के लिए अनिवार्य हो गया है। साहु को आगे लाकर पार्टी ने एक प्रकार से यह भी संकेत दे दिए हैं कि अगर कांग्रेस को बहुमत मिला तो साहु ही मुख्यमंत्री होंगे। 

Vaneet