मोदी व भाजपा ने सैम पित्रोदा को लेकर ओछी राजनीति की : इंडियन ओवरसीज कांग्रेस

punjabkesari.in Sunday, May 12, 2019 - 08:29 AM (IST)

जालन्धर(धवन): इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने अपने चेयरमैन सैम पित्रोदा का समर्थन करते हुए  ऐलान किया कि उनको बदनाम करने की साजिशों को सहन नहीं किया जाएगा। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अमरीका के सीनियर नैशनल वाइस प्रैजीडैंट रवि चोपड़ा ने कहा कि 1984 दंगों को लेकर जिस तरह से भाजपा व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैम पित्रोदा की छवि को धूमिल करने की कोशिश की है, उसे विदेशों में बसे पंजाबियों व अन्य भारतीयों ने पसंद नहीं किया है। 

रवि चोपड़ा  ने सैम पित्रोदा से मुलाकात करके इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की ओर से पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वास्तव में सैम पित्रोदा ने विदेशों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सफल कार्यक्रम करवाए थे जिससे मोदी व भाजपा में घबराहट पाई जा रही थी। राहुल गांधी को जिस तरह से आप्रवासी भारतीयों ने अपना खुलकर चुनावों में समर्थन दिया है उससे भी मोदी व उनकी पार्टी भाजपा में बेचैनी देखी जा रही थी। इस कारण वह सैम पित्रोदा को बदनाम करने के लिए कोई न कोई मुद्दा तलाश रहे थे। 

रवि चोपड़ा ने कहा कि सैम पित्रोदा सभी धर्मों का आदर करते हैं। उनके मन में पंजाबयिों, विशेष रूप से सिख समुदाय के प्रति भारी सम्मान है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को पता चल गया है कि वास्तव में मोदी ने सैम पित्रोदा को लेकर जो ओछी राजनीति की है उसके लिए पंजाबी अब लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा सबक सिखाएंगे। अमरीका में बसे सिख समुदाय ने मोदी की इस घटिया राजनीति को पसंद नहीं किया है। 

उन्होंने कहा कि चुनाव सम्पन्न होने में अब कुछ ही दिनों का समय बाकी है। भाजपा में छटपटाहट बढ़ रही है, क्योंकि वह चुनाव में कांग्रेस के मुकाबले पिछड़ रहे हैं। अब 23 मई को चुनावी नतीजे बता देंगे कि मोदी व भाजपा कहां खड़े हैं। केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी। इस मौके पर उनके साथ शालू चोपड़ा (चेयरपर्सन वूमैन सैल, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यू.एस.ए.), हिमांशु व्यास (जनरल सैक्रेटरी  इंडियन ओवरसीज कांग्रेस, ए.आई.सी.सी.)  भी मौजूद थे।

swetha