बड़ी खबर; गुरुद्वारे से माथा टेककर घर लौट रहे सरपंच के भाई की गोली मारकर ह/त्या

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 10:46 AM (IST)

गुरदासपुर (गुरप्रीत): गुरदासपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां डेरा बाबा नानक थाने के तहत आने वाले गांव पड्डा के मौजूदा कांग्रेस सरपंच नवदीप सिंह के छोटे भाई सुखराज सिंह उर्फ काका (27) बेटे बलकार सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और दुख की लहर दौड़ गई है।

मृतक के बड़े भाई और सरपंच नवदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुखराज सिंह काका गुरुद्वारा टाहली साहिब में बाबा श्री चंद जी के जन्मदिवस को समर्पित एक समारोह में माथा टेकने के बाद अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहरी इलाके में पहुंचे, पहले से तैयारी कर रहे एक स्विफ्ट गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे सुखराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

सरपंच नवदीप सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले भी गांव शाहपुर जाजन में सुखराज पर हमला हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसकी वजह से आज यह बड़ी घटना हुई है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों से न्याय की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही डेरा बाबा नानक थाने के एस.एच.ओ. अशोक कुमार शर्मा पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से गोलियों के दो खोल बरामद किए हैं। एस.एच.ओ. अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि सरपंच नवदीप सिंह के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल बटाला भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतक सुखराज सिंह उर्फ काका पर पहले भी कई क्रिमिनल केस दर्ज थे। शुरुआती जांच में लग रहा है कि मामला आपसी रंजिश का है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है और परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News