8 से अधिक राज्यों में मनाया जाने वाला वैशाख भारत की विविधता में एकता का प्रतीक है- सतनाम सिंह संधू

punjabkesari.in Tuesday, Apr 11, 2023 - 04:14 PM (IST)

पंजाब डेस्क : पंजाब में बैसाखी का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर व इंडियन माइनॉरिटीज फाउंडेशन के संस्थापक सतनाम सिंह संधू ने इस त्योहार को लेकर अपने विचार सांझा किए है।

उन्होंने कहा कि भारत अनेकता में एकता का सर्वोत्तम उदाहरण है, जो हजारों वर्षों से पूरे विश्व को एकता का सन्देश देता आ रहा है। भारत सिर्फ एक शब्द नहीं बल्कि हर भारतीय की आत्मा है जो उन्हें एकता के सूत्र में बांधता है। जिसकी शान के लिए लोग अपना सब कुछ कुर्बान करने को तैयार हैं, जिसकी आजादी के लिए करोड़ों लोगों ने खून की नदियां बहाई हैं, इसमें अनेक जातियों, धर्मों, पंथों, भाषाओं, संस्कृतियों, सभ्यताओं के लोग रहते हैं, जिनके रंग, रूप, पहनावे हैं बोलियां भले ही अलगहों, लेकिन उनकी पहचान एक भारतीय की है।यहाँ दिवाली, ईद, होली, क्रिसमस, बैसाखी किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है।  

भारत में कुछ त्यौहार ऋतुओं और मौसमों से जुड़े है तो कुछ सांस्कृतिक परंपराओं और घटनाओं से, लेकिन बैसाख का सम्बन्ध हमारी कृषि तथा भारत के अन्नदाताओं से है। भारत एक ऐसा देश जहाँ हर छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी ख़ुशी को मनाने के लिए त्यौहार मनाये जाते है। भारत एक कृषि प्रधान देश है जिसकी आत्मा गाँवों में बसती है। भारत एकमात्र ऐसा देश है जहाँ किसान धरती को माता का सम्मान देते है। किसान अपना खून पसीना एक कर अनाज उगाता है और यह त्यौहार सम्पूर्ण भारत के किसानों के लिए खुशी और उत्साह लाता है, यह वर्ष का वह दिन है जब हमें भारत की विविध संस्कृतियों की सुन्दर झलक देखने को मिलती है। बैसाखी का मुख्य कारण तैयार फसलों की कटाई होती है। नए साल की पहली फसल को देख किसान फूले नहीं समाते है। देश भर के किसान बैसाखी, बोहाग बिहू, विशु, पोइला बोसाख और पुथंडू जैसे त्योहारों को बड़े जोश और उत्साह के साथ मनाकर अपनी खुशी जाहिर करते हैं। भारत के लगभग हर राज्य में किसान अपनी फसलों के साथ-साथ अपने देवी-देवताओं की पूजा करते हुए अपने-अपने लोक नृत्यों के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त करते हैं। पिछले कुछ दशकों के दौरान कृषि के पतन के बाद, वर्तमान सरकार कृषि को एक लाभदायक व्यवसाय बनाने के लिए कृषि में निवेश कर रही है और कृषि के विकास के लिए कई नए कार्यक्रम एवं योजनाएँ लेकर आई है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने कृषि विविधता विधेयक 2021 पारित किया है।

यदि पंजाब के ऐतिहासिक और धार्मिक संदर्भ में वैशाख दिवस की चर्चा की जाए तो बैसाखी और सिख धर्म का अनोखा एवं अटूट सम्बन्ध है। बैसाखी सिख इतिहास का एक ऐसा पन्ना है जिनका महत्व समस्त संसार जानता है। 13 अप्रैल 1699 को खालसा का सृजन एक ऐसी ही क्रांतिकारी घटना है। 1699 में, सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने आनंदपुर साहिब में 'खालसा पंथ' की स्थापना कीथी । खालसा का अर्थ  होता है शुद्ध, अर्थात वह व्यक्ति या सत्ता जो पूरी तरह से पवित्र हो, जो लूट और अत्याचार से मुक्त हो।गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना अत्याचार के खिलाफ लड़ने और समाज में बढ़ते जातिगत मतभेदों को मिटाकर लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से की थी। दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने पाँच प्यारों, जो भारत के विभिन्न राज्यों, धर्मों और जातियों से सम्बन्ध रखते थे, को अमृत पान करवाया तथा स्वयं भी अमृत पान किया। गुरुगोबिंद सिंह जी ने सिखों ने पाँच प्यारों को "सिंह" कह कर सम्बोधित किया और सच्ची लोकतांत्रिक शासन प्रणाली की स्थापना की। इसी खालसा सेना ने गुरिल्ला युद्ध रणनीति से मुगल साम्राज्य की नींव हिला कर ईंट से ईंट बजा दी थी। 

सिख इतिहास में 'गुरु दा लंगर' की स्थापना भी इसी दिन हुई थी। वैसे तो लंगर प्रथा की शुरुआत गुरु नानक देव जी ने की थी, लेकिन इसे सिखों के तीसरे गुरु, गुरु अमरदास जी ने सिख धर्म का एक अनिवार्य अंग बना दियाथा क्योंकि उस समय जाति के नाम पर भेद भाव हो रहा था, ऊंची जातियाँ नीची जाति के साथ भेदभाव करती थीं, इस छुआछूत को समाप्त करने के लिए उन्होंने 1539 में बैसाखी के दिन 'संगत-पंगत-लंगर' प्रथा शुरू करने की घोषणा की। आज सिख धर्म में लंगर का बड़ा महत्व है। पंजाब में हर जगह बैसाखी के मेले लगते हैं और उन मेलों में अटूट लंगर चलाया जाता है। खुशी के मौकों पर ही नहीं, भारत अथवा विदेश में जब भी, कहीं भी, किसी भी तरह की विपदा आती है तो सिख बिना किसी जाति, धर्म, भाषा, रंग के भेदभाव के हर जगह लंगर की सेवा प्रदान करते हैं। क्योंकि गुरुओं साहिबानों ने सेवा को सर्वोच्च धर्म माना है, जिसका पालन हर सिख पूरी निष्ठां से करता है।
   
जलियांवाले बाग में घटित नरसंहार, ब्रिटिश साम्राज्य और गुलामी के खिलाफ भारतीयों के साझा संघर्ष का प्रतीक है। रॉल्ट एक्ट जैसे काले कानूनों के खिलाफ एकजुट होकर सभी धर्मों के हज़ारों निहत्थे लोगों ने श्री अमृतसर साहिब की पवित्र भूमि पर जुल्म के खिलाफ अपना खून बहायाथा। जलियांवाला बाग की घटना उत्पीड़न के खिलाफ उस आम लड़ाई का प्रतीक है जिसने करतार सिंह सराभा, उधम सिंह और भगत सिंह जैसे शहीदों को आज़ादी के लिए लड़ने की प्रेरणा दी।

बोहाग बिहू बैसाख महीने के पहले दिन असम, मणिपुर, बंगाल, नेपाल, उड़ीसा, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। बोहाग बिहू के दिन किसान अपनी तैयार फसलों की कटाई शुरू करते हैं, अपनी फसलों और पशुओं की पूजा करते हैंतथा अपने देवताओं और बड़ों की पूजा-अर्चना करते है।  इस शुभ अवसर पर वे आम, चिरा और पीठा जैसे विभिन्न व्यंजन तैयार करते हैं। इस दिन महिलाएं, पुरुष और बच्चें नाचते-गाते, दावत करते है तथा उपहारों का आदान-प्रदान करते है। अपने बड़ों से आशीर्वाद लेना, नए कपड़े पहनना और पारंपरिक बिहू नृत्य करना बोहाग बिहू की मुख्य विशेषता है। 

केरल और कर्नाटक में इसे 'विशु' या 'चिथिराई' के रूप में मनाया जाता है। विशु को केरल में वसंत और फसल के मौसम की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है। इसमें भगवान कृष्ण की नरकासुर पर विजय को भी दर्शाया गया है। विशु की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक विशु कनिका दर्शन है। इस त्योहार को देखने और मनाने वाले लोग सुबह सबसे पहले विशु कनि के दर्शन करते हैं। केरलवासियों का मानना है कि विशु कनि  के केवल दर्शन मात्र से उनका पूरा साल खुशियों एवं सौभाग्य से भर जायेगा । कर्नाटक की पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, हिंदू धर्म के तीन सर्वोच्च देवताओं में से एक और संपूर्ण ब्रह्मांड के निर्माता, भगवान ब्रह्मा ने इसी दिन दुनिया का निर्माण किया था।  
 
बंगाली कैलेंडर के अनुसार इस दिन पोइला बोसाख पर्व मनाया जाता है। इस दिन बंगाली पिछले साल की फसल की कटाई और नए साल में आने वाली फसल के लिए ईश्वर को धन्यवाद देते हैं। यह बंगाली व्यापार के लिए भी एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इस दिन, व्यापारी नए बही खाते खोलकर नए लेखा वर्ष की शुरुआत करते हैं।

इस दिन ओडिशा के लोगभी अपना नववर्ष मनाते हैं, इसे महा बिशुव संक्रांति या पाना संक्रांति कहते हैं। यह पर्व शिव, शक्ति या हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना कर मनाया जाता है। 

हमारे त्यौहार हमारी भारतीय संस्कृति, परम्पराओं, मान्यताओं, सभ्यतातथालोगों की एकता का प्रतीक है। त्यौहार प्रत्येक भारतीय को ऊँच-नीच, अमीर-गरीब, जाति-धर्म से ऊपर उठ कर एक दूसरे से जुड़ने, उनकी संस्कृतियों और रीती-रिवाज़ों का हिस्सा बनने का मौका देते है। जिससे आपसी वैर, ईर्ष्या, द्वेषकी भावनाका नाश होता है। इन्ही त्यौहारोने सदियों से भारतीयों को एकता के सूत्र में बांध कर रखा है। अनेकबाहरी शक्तियों ने कई बार भारत को धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक रूप में नुक्सान पहुंचने की कोशिश की है लेकिन वे भारतीयों की अखंड एकता को हानि नहीं पंहुचा सके। भारत की विविधता में एकता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है जो भारतीयों में देशप्रेम, भाईचारे और एकता को मज़बूत बनाती है तथा  बाहरी शक्तियों को यह यह सन्देश देती है कि भारत अखंड था, है और हमेशा रहेगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News