केंद्रीय योजना में बड़े घोटाले का आरोप, सुबह-सुबह हुई छापेमारी
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 05:50 PM (IST)
तपा मंडी (गर्ग,शाम): चावल की ढुलाई से जुड़े एक बड़े मामले की जांच के सिलसिले में आज सुबह पंजाब विजिलेंस विभाग की टीम ने तपा ट्रक यूनियन में अचानक छापा मारा। विजिलेंस अधिकारियों ने यूनियन परिसर में मौजूद ट्रक मालिकों, ड्राइवरों और कंडक्टरों से लंबी पूछताछ की तथा पिछले कुछ वर्षों की ढुलाई से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह जांच केंद्र सरकार की “भारत राइस योजना” के तहत चावल की आपूर्ति और वितरण से जुड़ी हुई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ते दामों पर चावल उपलब्ध कराना है। सरकारी एजेंसियों के माध्यम से चावल निर्धारित कीमतों पर खरीदकर पैकिंग सहित सरकारी दुकानों और सहकारी समितियों तक पहुंचाए जाने थे। लेकिन आरोप लग रहे हैं कि पिछले लगभग तीन वर्षों के दौरान इस योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। बताया जा रहा है कि कुछ निजी व्यापारियों ने सरकार से रिलीज ऑर्डर के माध्यम से सस्ते दामों पर चावल खरीदे, परंतु उन्हें निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के बजाय खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेच दिया। इस पूरे मामले में कुछ अधिकारियों की मिलीभगत की भी चर्चा है।
इलाके में यह भी कहा जा रहा है कि कई ट्रक सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार अपनी मंजिल तक पहुंच गए दिखाए गए, जबकि बड़ी संख्या में चावल से भरे ट्रकों का माल कहीं और ही खपा दिया गया। इसी कारण विजिलेंस टीमें परिवहन रिकॉर्ड, बिल, ड्राइवरों के बयान और रूट की जांच कर रही हैं। विजिलेंस अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की चावल ढुलाई से जुड़े सभी तथ्यों को एकत्र कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक विजिलेंस की टीमें तपा ट्रक यूनियन में मौजूद रहीं और जांच प्रक्रिया जारी थी। आने वाले दिनों में यह मामला कितना बड़ा रूप लेता है, यह जांच के नतीजों के बाद ही स्पष्ट होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

