रीचार्ज खत्म होते ही स्कूलों की बिजली गुल, भीषण गर्मी में पढ़ने को मजबूर हुए बच्चे

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 02:54 PM (IST)

समाना: समाना हलके के मलकाना पत्ती, आनंद नगर और गांव अशरपुर स्थित सरकारी स्कूलों तथा स्थानीय शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में लगे प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटर का रिचार्ज खत्म होने के कारण सोमवार से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है। बिजली न होने से 3 से 12 वर्ष तक के सैकड़ों बच्चे भीषण गर्मी और उमस के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

टीवी आधारित शैक्षणिक गतिविधियां भी पूरी तरह प्रभावित
स्कूलों में पंखे बंद होने के कारण बच्चे अपनी किताबों और कॉपियों से हवा कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते रहे। वहीं, बिजली आपूर्ति ठप होने से वाटर कूलर भी बंद पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों को ठंडा पीने का पानी नहीं मिल सका। इसके अलावा स्मार्ट क्लास और टीवी आधारित शैक्षणिक गतिविधियां भी पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। मिड-डे मील तैयार करने वाली महिलाओं को भी बिजली न होने के कारण भोजन बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटने की पुष्टि
गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के जिला प्रधान जसविंदर सिंह ने सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन स्कूलों में नियमित बिजली उपलब्ध कराने में ही विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि स्कूलों से प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि संबंधित स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को बिजली विभाग से औसत एडवांस बिल बनवाकर खजाने में जमा करा दिया गया है, ताकि स्कूलों के मीटर जल्द रिचार्ज होकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। वहीं, बिजली विभाग के एक्सईएन कंवरदीप सिंह ने कहा कि मीटर का रिचार्ज होते ही स्कूलों की बिजली तुरंत बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने के समय ही संबंधित अधिकारियों को समय पर रिचार्ज कराने के निर्देश दिए गए थे, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News