मानसा में स्कूल वैन हादसे के घायल वैन ड्राईवर की मौ+त

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 12:38 PM (IST)

मानसा: मानसा जिले के कस्बा बरेटा में स्कूल वैन हादसे में घायल हुए वैन चालक बाबी सिंह की एम्स में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, बीते दिन स्कूल वैन की पीआरटीसी बस से टक्कर हो गई थी। हादसे में करीब एक दर्जन बच्चों समेत वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए एम्स बठिंडा में भर्ती करवाया गया था, जहां चोटों का इलाज चलने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सुबह करीब 8 बजे हुआ था हादसा
बरेटा के नजदीकी गांव दियालपुरा के पास सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। यहां एक निजी स्कूल की वैन पीआरटीसी बस से टकरा गई। हादसे में करीब एक दर्जन बच्चे घायल हुए थे। इनमें कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई थीं, जबकि करीब आधा दर्जन बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए थे। वैन चालक भी हादसे में घायल हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, पीआरटीसी बस और स्कूल वैन दोनों बुढलाडा की तरफ से बरेटा मंडी की ओर जा रही थीं।

बस चालक बलविंदर सिंह के मुताबिक, आगे जा रहा एक मोटरसाइकिल सवार मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। उससे टक्कर बचाने के लिए बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल वैन बस से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों और वैन चालक को इलाज के लिए बरेटा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण वैन चालक बाबी सिंह को बाद में एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News