नहर से मिली स्कूटी बनी इलाके में चर्चा का विषय, पुलिस ने जांच की शुरू

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 02:48 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): थाना हाजीपुर के अंतर्गत आते गांव सीपरियां के पास से गुजरती कंडी नहर में से एक स्कूटी बरामद होने की खबर मिली है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी सस्पेंस और चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात जब नहर विभाग द्वारा कंडी नहर में पानी का स्तर घटाया गया, तो रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर के अंदर एक स्कूटी पड़ी देखी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उस स्कूटी की पिछली नंबर प्लेट पर पी.बी. 54-के-1137 नंबर लिखा हुआ था। नहर में स्कूटी होने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों का इकट्ठा होना शुरू हो गया। 

घटना की तुरंत सूचना हाजीपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से स्कूटी को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर बारीकी से जांच शुरू कर दी है। इस समय इलाके में यह बात चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है कि स्कूटी नहर में कब और किन परिस्थितियों में गिरी, या फिर इसके पीछे कोई अन्य हादसा या साजिश है। पुलिस द्वारा नंबर के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News