मूक-बधिर युवक ने 3 हथियारबंद संदिग्ध देखने का किया दावा, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

punjabkesari.in Monday, Aug 20, 2018 - 09:45 AM (IST)

पठानकोट (शारदा,आदित्य,कंवल): चिट्टे की स्थली के रूप में विख्यात नगर से सटे भदरोआ क्षेत्र में आज उस समय हड़कम्प मच गया जब एक गूंगे-बहरे स्थानीय युवक ने 3 हथियारबंद संदिग्धों को देखने का दावा किया। 

पुलिस को सूचना मिलने पर पंजाब पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की पुलिस के साथ मिलकर चिन्हित स्थान व आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन की बागडोर पंजाब पुलिस की ओर से एस.पी. ऑप्रेशन हेम पुष्प व हिमाचल पुलिस की ओर से डी.एस.पी. नूरपुर साहिल अरोड़ा ने सम्भाली। दोनों राज्यों की पुलिस के करीब 100 जवान देर सायं समाचार लिखे जाने तक सर्च में जुटे हुए थे। 

जानकारी के अनुसार गूंगे-बहरे युवक ने भदरोआ गांव की महिला सृष्टा को इशारों में बताया कि उसने 3 संदिग्ध व्यक्ति देखे हैं, जिन्होंने पहले वहां खुद को इंजैक्शन लगाए। इसके बाद फिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भदरोआ क्षेत्र की ओर निकल गए। गूंगे-बहरे युवक ने इन संदिग्धों के पास हथियार होने का भी दावा किया। इस महिला ने इसका संज्ञान लेकर पुलिस को सूचित किया, जिससे पुलिस तुरंत हरकत में आकर सर्च में जुट गई। सर्च ऑप्रेशन में जुटी पुलिस की टीमों ने चक्की खड्ड के साथ भदरोआ गांव व जंगल संदिग्धों की तलाश में खंगाले। सर्च ऑप्रेशन में डी.एस.पी. सिटी सुखजिन्द्र सिंह, डिवीजन नं.-2 के थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह रूबी, ढांगू व डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी के साथ नूरपुर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अपने दल-बल के साथ जुटे हुए हैं। वहीं शक के आधार पर उक्त गूंगे-बहरे युवक को पुलिस ने पूछताछ हेतु हिरासत में लिया।

Vatika