शादी की स्टेज से जेल पहुंचा दूल्हा (Watch Video)

punjabkesari.in Tuesday, Oct 30, 2018 - 03:15 PM (IST)

अमृतसर (स.ह.): विवाह समारोह चल रहा था। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे थे। कुछ रिश्तेदार म्यूजिक पर डांस कर रहे थे और कुछ दूल्हा-दुल्हन के साथ स्टेज पर खड़े होकर पैसे लुटा रहे थे कि अचानक 2 मासूम बच्चियों को गोद में उठाए एक महिला स्टेज पर पहुंची और चिल्ला-चिल्ला कर कहने लगी कि यह मेरा पति है और इन दोनों बच्चियों का बाप है। बस इतना कहते ही समारोह में हंगामा हो गया।

लड़की वाले सन्न रहे गए कि वे जिसके हाथ में अपनी बेटी का हाथ दे रहे थे, वह तो पहले से ही शादीशुदा था। कुछ ही देर में थाना सिविल लाइन की पुलिस मौके पर पहुंच गई और चुपके से विवाह रचा रहे दूल्हे विक्की महाशा, निवासी सुल्तानविंड रोड को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पत्नी गीता की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और पहली पत्नी के होते हुए दूसरा विवाह रचाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। 

8 वर्ष पहले हुआ था गीता से विवाह
स्थानीय सुल्तानविंड रोड के रहने वाले विक्की का विवाह करीब 8 वर्ष पूर्व कपूरथला की गीता के साथ सभी रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह के बाद विक्की के घर 2 बेटियों ने जन्म लिया। इसी बीच, विक्की के एक लड़की के साथ प्रेम संबंध बन गए। वह अपनी पहली पत्नी के होते हुए उसके साथ दूसरा विवाह रचाने के लिए तैयार हो गया।

उसने अपनी पत्नी से कहा कि वह किसी काम के सिलसिले में बाहर जा रहा है, वह मायके हो आए। इस पर गीता अपने मायके कपूरथला चली गई। योजना के अनुसार, विक्की अपनी प्रेमिका के साथ विवाह करने के लिए बरात लेकर एक स्थानीय पैलेस में पहुंच गया, जहां लड़की वालों का पूरा इंतजाम था। क्रिश्चियन रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सम्पन्न होना था। 

इसी बीच, किसी व्यक्ति ने विक्की के विवाह की सूचना उसकी पत्नी गीता तक पहुंचा दी। विवाह समारोह की तस्वीरें देख गीता को तो अपनी दुनिया ही उजड़ती दिखाई दी। वह अपने घर वालों और दोनों बेटियों को लेकर पैलेस पहुंच गई। गीता को पहले से ही शक था और आज उसका शक यकीन में बदल गया। विवाह समारोह में विक्की के दोस्तों के अलावा 100 से अधिक लोग शामिल हुए थे।

एक बार तो विक्की ने विवाह समारोह से भाग जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पत्नी और रिश्तेदारों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन के इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव दर्शन सिंह पुलिस बल के साथ मैरिज पैलेस में पहुंच गए और विक्की को हिरासत में ले लिया। गीता की शिकायत पर उसके पति विक्की के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

 

swetha