वरिष्ठ भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी पर खड़े किए सवाल, कही ये बातें

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2024 - 01:38 PM (IST)

पंजाब डेस्क : वरिष्ठ भाजपा नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल ने अपनी ही पार्टी पर निशाने साधे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा को कांग्रेस के नेता चला रहे हैं जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं पार्टी के टकसाली कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने टकसाली भाजपा कार्यकर्ताओं के पक्ष में आवाज उठाई, जिन्हें दरकिनार कर दिया गया है। 

ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में भाजपा का 'कांग्रेसीकरण' देखा जा रहा है, क्योंकि हाल ही में कांग्रेस से शामिल हुए नेता ही फैसले ले रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से मदन मोहन मित्तल, प्रोफेसर लक्ष्मीकांत चावला, मास्टर मोहन लाल, अविनाश राय खन्ना, तीक्ष्ण सूद, मनोरंजन कालिया, हरजीत सिंह ग्रेवाल, सुरजीत कुमार ज्याणी जैसे दिग्गज नेताओं को याद करने को कहा, जिन्होंने कड़ी मेहनत की और पंजाब में आतंकवाद के दौर का सामना किया, लेकिन अब उन्हें किनारे कर दिया गया है।

ग्रेवाल ने कहा कि मित्तल को पंजाब भाजपा की कमान संभालने के लिए तब कहा गया था, जब आतंकवाद के दौरान कोई भी घर से बाहर आने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा आलाकमान को असली कैडर को तरजीह देनी चाहिए। बॉलीवुड अदाकारा व भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान के बाद उठे विवाद के बारे में पूछे जाने पर ग्रेवाल ने कहा कि भाजपा को उन लोगों को पार्टी का टिकट नहीं देना चाहिए जो अनुशासन नहीं जानते। अपने खिलाफ किसी संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए ग्रेवाल ने कहा कि सच्चाई को स्वीकार करना हाईकमान पर निर्भर करता है। किसानों के विरोध पर टिप्पणी करते हुए ग्रेवाल ने कहा कि केंद्र को किसानों की समस्याओं का एहसास होना चाहिए क्योंकि उनके बच्चे सीमाओं प सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाईकमान को सच्चाई का एहसास होना चाहिए और भाजपा को पूर्व कांग्रेस नेताओं के चंगुल से बचाना चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News