फर्नीचर हाऊस पर फायरिंग केस में सनसनीखेज खुलासा, 5 आरोपी नामजद
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 03:48 PM (IST)
तरनतारन (रमन) : जंडियाला गुरु रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम पर गत दिवस 3 नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा फायरिंग कर शोरूम मालिक को घायल करने के मामले की गुत्थी थाना सिटी तरनतारन पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में 2 व्यक्तियों को नामजद करते हुए 3 अज्ञात हमलावरों समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे शोरूम मालिक के एक महिला के साथ कथित अवैध संबंधों से जुड़ी पुरानी रंजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
जंडियाला गुरु रोड पर गांव मल्लियां खुर्द स्थित अमर फर्नीचर हाऊस के मालिक अमरदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव कद्दगिल ने पुलिस को बताया कि करीब 9 वर्ष पहले उसके निर्मल कौर पत्नी हरजीत सिंह निवासी गांव कद्दगिल के साथ कथित अवैध संबंध थे। निर्मल कौर का एक बेटा अभिजोत सिंह है। उसके पति हरजीत सिंह की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद निर्मल कौर को उसके परिवार वालों ने घर से निकाल दिया था।
अमरदीप सिंह के अनुसार इसके बाद उसने निर्मल कौर को बाबा बुड्ढा एन्क्लेव में अलग मकान बनाकर दिया था, जबकि उसके बेटे अभिजोत सिंह को उसके चाचा ने अपने पास रख लिया था। करीब 3 वर्ष पहले अभिजोत सिंह अमरीका चला गया था। आरोप है कि अभिजोत सिंह ने करीब 3 वर्ष पहले फोन पर अमरदीप सिंह को धमकी देते हुए कहा था कि वह उसकी मां के साथ कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहा है और वह उसे छोड़ेगा नहीं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में भी उस पर हमला करवाया गया था।
अमरदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त को करीब तीन बजे वह अपने फर्नीचर हाऊस पर बैठा था। इसी दौरान मुंह ढके हुए 3 अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर पहुंचे। जब वे सीढ़ियां चढ़ रहे थे तो उसने उन्हें मुंह खोलकर आने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से .30 बोर की पिस्तौल से उस पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने पैर की जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में एस.एस.पी. सुरिंदर लांबा ने बताया कि थाना सिटी तरनतारन पुलिस ने अमरदीप सिंह के बयानों पर अभिजोत सिंह पुत्र हरजीत सिंह और गुरजंड सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, दोनों निवासी गांव कद्दगिल को नामजद किया है। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने वाले 3 अज्ञात व्यक्तियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना कर दिया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

