शिअद-भाजपा के रिश्तों का भविष्य तय करेगी उच्च स्तरीय कमेटी

punjabkesari.in Friday, Jun 08, 2018 - 10:51 AM (IST)

चंडीगढ़ (अश्वनी):शिअद-भाजपा गठबंधन के रिश्तों में 4 साल बाद अब नई ताजगी घुलेगी। पार्टी के नेताओं की एक उच्च स्तरीय तालमेल कमेटी का गठन किया गया है जो गठबंधन का भविष्य तय करेगी। चंडीगढ़ पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद इस कमेटी के गठन का ऐलान किया। इस कमेटी में भाजपा व शिअद के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 

इस दौरान पंजाब के दलित समुदाय व उद्यमियों के कल्याण से जुड़े मसलों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसी कड़ी में शिअद-भाजपा ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की सहमति जताई। बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष के साथ कई राजनीतिक, आर्थिक व धार्मिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों दलों ने शांति व सद्भावना बनाए रखने और समाज के हर वर्ग के कल्याण व उनके आर्थिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने का फैसला किया। वहीं किसानों को पेश आ रही मुश्किलों पर काफी लंबी चर्चा हुई है। दोनों दल भविष्य में भी इस तरह की बैठकों का दौर जारी रखेंगे।  बैठक में सुखदेव सिंह ढींडसा, रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, बलविंद्र सिंह भूंदड़, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बिक्रम सिंह मजीठिया, दलजीत सिंह चीमा, सिकंदर सिंह मलूका भी उपस्थित थे।

 

Punjab Kesari