26 साल बाद कांग्रेस का परचम,शाहकोट का शाह बने शेरोवालिया

punjabkesari.in Thursday, May 31, 2018 - 02:06 PM (IST)

जालंधर(सोनिया गोस्वामी) : पंजाब में जालंधर जिले की शाहकोट विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अकाली दल के उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ को 38,801 मतों से पराजित कर अकाली दल से यह सीट छीन ली है। कांग्रेस को 82,745 मत मिले। अकाली दल के नायब सिंह कोहाड़ को कुल 43,944 और आम आदमी पार्टी (आप) को कुल 1900 मत प्राप्त हुए हैं। नायब सिंह कोहाड़ ने ईवीएम मशीनों में भारी संख्या में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। 1992 के बाद कांग्रेस ने 26 साल बाद इस सीट को अपने कब्जे में लिया। नतीजे आने के बाद कांग्रेसियों में खुशी की लहर पाई जा रही है।  चुनाव दौरान मुख्य मुकाबला कांग्रेस के हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, अकाली दल के नायब सिंह कोहाड़ और आम आदमी पार्टी के रतन सिंह काकड़कलां के बीच था। अकाली विधायक अजीत सिंह कोहाड़ के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर 28 मई को मतदान हुआ था।

  

स्मरण रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शाहकोट से विधायक अजीत सिंह कोहाड़ के निधन के कारण ये सीट खाली हुई है। कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने राहुल
गांधी को तीन नाम सुझाए थे। इनमें केवल सिंह ढिल्लों, लाल सिंह और हरदेव सिंह लाडी शामिल थे।  

 

कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2017 में लाडी को बनाया था उम्मीदवार 
कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2017 में लाडी को उम्मीदवार बनाया था। श्री लाडी शाहकोट विधानसभा चुनाव में अकाली दल के अजीत सिंह कोहाड़ के मुकाबले चुनाव मैदान में थे और कम वोटों  के अंतर से चुनाव हार गए थे ।  

 

ग्रामीण बहुल होने के कारण शाहकोट में अकाली दल का दबदबा 
शाहकोट हलका ग्रामीण बहुल होने के कारण इस पर अकाली दल का दबदबा रहा । श्री कोहाड़ की असामयिक मृत्यु के कारण यह सीट रिक्त हो गई थी जिसके बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने श्री कोहाड़ के बेटे नायब सिंह कोहाड़ को शाहकोट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था।  

 

शाहकोट में तकरीबन 1.72 लाख मतदाता हैं। इसमें से सबसे बड़ी संख्या कंबोज बिरादरी की है। करीब 52 हजार वोट कंबोज बिरादरी के हैं, जबकि जट्ट सिख मतदाता की संख्या लगभग 45 हजार है। 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी हरदेव सिंह लाडी 4905 वोटों से हार गए थे। महत्वपूर्ण यह भी है कि इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रहे डॉ. अमरजीत सिंह को 41,010 वोट पड़े थे, जो कि बाद में अकाली दल में शामिल हो गए थे।

 

अब तक यह रहे विजेता 

वर्ष    विजेता    दल
1977    बलवंत सिंह    शिअद
1980    बलवंत सिंह    शिअद
1985    बलवंत सिंह    शिअद
1992    बृज भूपेंदर सिंह    कांग्रेस
1997    अजीत सिंह कोहाड़    शिअद
2002    अजीत सिंह कोहाड़    शिअद
2007    अजीत सिंह कोहाड़    शिअद
2012    अजीत सिंह कोहाड़    शिअद
2017    अजीत सिंह कोहाड़    शिअद

 
बता दें कि माइनिंग से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद शाहकोट के बड़े कांग्रेस नेताओं ने हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया को टिकट न देने की मांग की थी,उसके बावजूद शेरोवालिया को टिकट देना कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब न बन जाए। डॉ. नवजोत दहिया, पूर्व मंत्री बृज भुपिंदर सिंह लाली, कैप्टन हरमिंदर सिंह, राजनबीर सिंह और किसान सेल के प्रधान पूरन सिंह थिंद ने पार्टी हाईकमान से अपील की थी कि विवादों में घिरे लाडी शेरोवालिया को टिकट देने से नुकसान होगा। इन पांचों नेताओं ने कहा था कि लाडी की बजाय उनमें से किसी को भी टिकट दी जाती है तो वे एकजुट होकर लड़ेंगे। इन नेताओं ने प्रैस कॉन्फ्रैंस में कहा कि कांग्रेस सरकार एक साल से माइनिंग के खिलाफ लड़ रही है और इसी मुद्दे पर सरकार भी बनाई थी। 

 

 

 

Anjna