एस.जी.पी.सी. की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा शिरोमणि अकाली दल डैमोक्रेटिक : ढींडसा

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2020 - 10:28 AM (IST)

मोहाली(नियामियां): शिरोमणि अकाली दल डैमोक्रेटिक ने घोषणा की है कि वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) के चुनाव सभी सीटों पर लड़ेगा। यह ऐलान प्रधान व राज्यसभा मैंबर सुखदेव सिंह ढींडसा ने सैक्टर-82 में खोले गए पार्टी के मुख्य ऑफिस के उद्घाटन दौरान किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गायब पवित्र स्वरूपों की जांच करवा कर दोषी व्यक्तियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी। उनकी पार्टी किसी भी सूरत में शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करेगी। 

भाजपा जब तक किसानों का मसला हल नहीं करती, तब तक कोई समझौता नहीं 
ढींडसा ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ है परन्तु उनके धरने और रैलियों में अपना अलग झंडा नहीं लहराया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इस्तीफा देकर सिर्फ नाटक रचा है, जबकि कृषि कानून के पास होने तक केंद्र सरकार में शामिल थीं। ढींडसा ने कहा कि भाजपा जब तक किसानों का मसला हल नहीं करती, तब तक कोई समझौता नहीं हो सकता। रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा का समर्थन उनके साथ है परन्तु उनकी पार्टी अलग रहेगी। ढींडसा ने बताया कि पार्टी की तरफ से महिला विंग भी बनाया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया, शिरोमणि कमेटी मैंबर सेवा सिंह सेखवां, विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर बीर दविन्दर सिंह, पूर्व सांसद परमजीत कौर गुलशन, पूर्व वित्त मंत्री परमिन्द्र सिंह ढींडसा, रणजीत सिंह तलवंडी, कैप्टन तेजिन्दर पाल सिंह सिद्धू, मनजीत सिंह भौमा आदि कई नेता हाजिर थे।

Sunita sarangal