बारिश और शीत लहर से फिर छूटी कंपकंपी, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Friday, Feb 02, 2024 - 01:53 PM (IST)

गुरदासपुर: 24 घंटों के दौरान गुरदासपुर में 40 एम.एम. बारिश और 7 किलोमीटर की रफ्तार से चली शीत लहर ने लोगों को फिर से कंपकंपी दिला दी है।

जानकारी के अनुसार इलाके में दिन का तापमान फिर से घटकर 15 डिग्री सैल्सियस पर आ गया है जबकि रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। बारिश के साथ-साथ कई जिलों में ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित हुई हैं लेकिन गुरदासपुर जिले में हुई हल्की बारिश से गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ। हाल ही में माना जा रहा है कि 2 महीने से खुष्क मौसम के कारण फसल को नुकसान हो रहा था। ऐसे में यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद होगी।

बारिश के बाद चली तेज हवाओं से भी गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि फसल की ऊंचाई अभी कम है, इसलिए हवा से नुकसान की आशंका नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अभी भी घना कोहरा छाया रह सकता है और रविवार को बारिश की भी संभावना है। आज शीत लहर ने ठंड काफी बढ़ा दी है। खासकर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण आसपास के मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। आज दोपहर तक बारिश और बादल छाए रहे लेकिन बाद में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।

Content Writer

Vatika