Mansa : प्लॉट विवाद को लेकर चली गोली, मौके पर मची चीख-पुकार
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 06:00 PM (IST)
मानसा (संदीप मित्तल) : शहर के संधू आश्रम रोड पर प्लॉट को लेकर चल रहे विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के दौरान कथित तौर पर गोली चल गई। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल मानसा में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अस्पताल में उपचाराधीन गुरजीत सिंह ने बताया कि उसके दोस्त सैंबर सिंह का अपनी बुआ के बेटे के साथ प्लॉट को लेकर करीब दो लाख रुपये का विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष समझौता करने के लिए मिले थे, लेकिन बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से कथित रूप से गोली चला दी गई। इस दौरान गोली उसके पैर में लगी। घायल युवक ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस से न्याय की मांग की है।
वहीं सिविल अस्पताल के डॉक्टर विकास ने बताया कि अस्पताल में गोली लगने से घायल एक युवक को लाया गया था, जिसका उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना पुलिस को भेजी जा रही है। उधर, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

