कैप्टन अमरिन्दर के फैसले से पहले दिल्ली दरबार पहुंचे सिद्धू

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2019 - 03:41 PM (IST)

जालंधर: पंजाब कैबिनेट से इस्तीफा देने के बाद आज नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर दिल्ली दरबार पहुंच गए हैं। माना जा रहा था कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह सिद्धू के इस्तीफे पर आज कोई फैसला ले सकते हैं, वहीं सिद्धू का दिल्ली दौरा अहम साबित हो सकता है। बताया जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू दिल्ली में हाईकमान के साथ मुलाकात कर सकते हैं। जहां तक इस्तीफे की बात है, उसे लेकर दोनों पक्ष (कैप्टन और सिद्धू) दिल्ली दरबार के चक्कर लगा चुके हैं परन्तु दोनों को पार्टी के प्रमुख नेता के साथ मुलाकात करने का मौका नहीं मिल सका है।



नवजोत सिद्धू की कांग्रेस में प्रविष्टि करवाने वाले राहुल गांधी फिलहाल खुद राजनीतिक पचड़े में फंसे हुए हैं। लोकसभा चुनाव में हार मिलने के बाद राहुल गांधी पार्टी के हालात देख कर इस्तीफा दे चुके हैं। देशभर के कांग्रेस नेता जहां उनको मनाने में लगे हैं, वहीं सिद्धू का मामला खटाई में पड़ गया है। राजनीति माहिरों के अनुसार सिद्धू को गांधी परिवार का ही सहारा था और अब राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य के डगमगाने के साथ सिद्धू की राजनीतिक बलि चढ़ती हुई नजर आ रही है। 



गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह भी बीते दिनों दिल्ली के दौरे पर थे, जहां से वह बुद्धवार देर शाम चंडीगढ़ वापस लौटे थे। देरी के साथ पहुंचने के कारण सिद्धू के इस्तीफे पर कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कोई फैसला नहीं लिया था और आज अनुमान लगाए जा रहे हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री फैसला ले सकते हैं। गौरतलब है कि विभाग बदले जाने से नाराज चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने बीते दिनों पंजाब कैबिनेट से इस्तीफ दे दिया था। इसकी जानकारी उन्होंने ट्विटर के जरिए दी थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि वह अपना इस्तीफा 10 जून को राहुल गांधी को दे चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह को भी भेज दिया था। 

Vaneet