मौत के बाद भी सिद्धू मूसेवाला पर अदालत में चलता रहेगा केस

punjabkesari.in Tuesday, May 31, 2022 - 01:16 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील राज): पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार को हत्या के बाद जिला अदालत में उसके खिलाफ जो केस चल रहा था, वह बंद नहीं होगा।  मूसेवाला के खिलाफ केस करने वाले एडवोकेट सुनील मल्लन ने बताया कि मूसेवाला के साथ जो हुआ, उससे वह भी दुखी हैं, लेकिन जो केस उन्होंने अदालत में फाइल किया है, वह चलता रहेगा। अब केस म्यूजिक डायरैक्टर गगनदीप सिंह (द किड) के अलावा वीडियो डायरैक्टर नवकरण बराड़, गोल्ड मीडिया के ऑनर अर्शदीप सिंह, गांव मूसा के सरपंच ग्राम पंचायत, यूट्यूब, हंगामा, स्पॉटीफाई, गाना, विंक म्यूजिक और आइट्यून्स पर केस चलता रहेगा।

मूसेवाला पर चंडीगढ़ जिला अदालत में इसी साल एडवोकेट मल्लन ने केस दायर किया था। उन्होंने यह केस वकीलों की छवि को खराब करने के लिए किया था। साल, 2021 में मूसेवाला ने संजू गाने में एडवोकेट्स का न केवल अपमान किया था बल्कि उन पर भद्दे कमैंट भी किए थे। इस बात लेकर जिला अदालत के एडवोकेट मल्लन ने मूसेवाला को कोर्ट में घसीटा था। अब जब मूसेवाला इस दुनिया में नहीं रहा है तो उसका नाम केस से अपने आप हट जाएगा, लेकिन जो लोग संजू गीत के साथ जुड़े हुए थे, उन पर यह केस अदालत में चलता रहेगा।

‘लड़ाई कानूनी लडऩी चाहिए, मूसेवाला के साथ जो हुआ, गलत है’
मूसेवाला के खिलाफ केस करने वाले एडवोकेट मल्लन ने कहा कि लड़ाई होनी चाहिए, लेकिन वह लड़ाई कानूनी होनी चाहिए। हाथों में हथियार लेकर लोगों को मारना कोई लड़ाई नहीं है। मूसेवाला के साथ जो हुआ वह बहुत ही गलत है और उनकी मौत से वह भी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला की मौत के बाद उसका नाम केस से हटाना है या नहीं, यह अदालत निर्णय करेगी।

इन मामलों में भी मूसेवाला रहा विवादित
मूसेवाला बरनाला जिले में एके-47 भी चलाता दिखा था। इसकी वीडियो वायरल होने पर पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। मूसेवाला के खिलाफ मानसा में फरवरी, 2020 को गाने के माध्यम से भद्दी शब्दावली इस्तेमाल करने को लेकर केस दर्ज हुआ था। संगरूर जिले में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। एक आपराधिक केस में जब जमानत दी तो अंडरटेकिंग दी थी कि ऐसे शर्मनाक गाने नहीं गाएगा, मगर जमानत पर छूटने के बाद फिर ऐसे गीत गाने लगा था।

Content Writer

Vatika