लंदन में सिख कारोबारी हरमन कपूर फिर विवादों में, गिरफ्तारी के बाद रेस्तरां के बाहर जमकर प्रदर्शन
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 01:44 PM (IST)
पंजाब डेस्क : ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल के सिख कारोबारी हरमन सिंह कपूर का रेस्तरां एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। 13 नवंबर को हरमन की गिरफ्तारी के बाद उनके हैमरस्मिथ स्थित रेस्तरां 'सिंह्स डाइनिंग' के बाहर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कारोबार बंद करने की मांग की और हरमन व उनकी पत्नी खुशी कपूर के खिलाफ नारे लगाए। हालात को देखते हुए मौके पर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के जवानों को तैनात करना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ हरमन परिवार की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी उनके सोशल मीडिया बयानों और विभिन्न समुदायों को लेकर की गई टिप्पणियों का विरोध कर रहे हैं। विवाद की एक बड़ी वजह रेस्तरां में हलाल मीट नहीं परोसने की उनकी नीति भी बताई जा रही है।
'हलाल नहीं, झटका मीट परोसते हैं', हरमन का अपना पक्ष
हरमन कपूर के रेस्तरां के बाहर 'Proudly We Don't Sell Halal' का बोर्ड लगा हुआ है। उनका कहना है कि वह अपने सिख धार्मिक विश्वासों के अनुसार झटका मीट परोसते हैं और हलाल मीट नहीं बेचते। हरमन का आरोप है कि इसी फैसले को लेकर उन्हें और उनके परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का विरोध केवल खाने की नीति तक सीमित नहीं बताया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, हरमन की सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय और गाजा से जुड़े मुद्दों पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान रेस्तरां बंद करने की मांग उठाई गई।
गिरफ्तारी से पहले पुलिस से मांगी थी सुरक्षा
हरमन कपूर ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह कई दिनों से मेट्रोपॉलिटन पुलिस से अपने परिवार और कारोबार की सुरक्षा मांग रहे थे। उनका दावा है कि 13 नवंबर की सुबह उन्हें उनके घर से हिरासत में ले लिया गया, जबकि उसी दिन रेस्तरां के बाहर प्रदर्शन होना था। हरमन ने सवाल उठाया कि जब वह पुलिस हिरासत में हैं तो उनके परिवार की सुरक्षा कौन करेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल उनकी ताजा गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

पत्नी का दावा, जॉन क्लीज ने भेजे सुरक्षा गार्ड
प्रदर्शन के दौरान हरमन की पत्नी खुशी कपूर और उनकी बेटी रेस्तरां में मौजूद थीं। खुशी ने दावा किया कि ब्रिटिश अभिनेता जॉन क्लीज ने परिवार और रेस्तरां की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था की थी। उनके मुताबिक, अभिनेता की मदद से ही परिवार को प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मिल सकी। जॉन क्लीज पहले भी हरमन कपूर के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुके हैं। हालांकि, सुरक्षा गार्ड भेजने को लेकर सामने आया दावा खुशी कपूर का है।
16 साल पुराना 'रंगरेज' भी रहा विवादों में
हरमन कपूर का नाम पहली बार इस विवाद के चलते चर्चा में नहीं आया है। लंदन के हैमरस्मिथ में उनका 16 साल पुराना रेस्तरां 'रंगरेज' भी लंबे समय तक विवादों और विरोध का सामना करता रहा। 24 फरवरी 2026 को हरमन ने रंगरेज बंद करने का ऐलान किया था। उन्होंने बढ़ती कारोबारी लागत, ऑनलाइन उत्पीड़न, बार-बार होने वाली परेशानियों और पुलिस से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने को इसकी वजह बताया था। हालांकि, बाद में समर्थकों के सहयोग से उन्होंने कारोबार जारी रखने का फैसला किया। मई 2026 में भी हरमन की गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी। उस समय उन्होंने हिरासत से बाहर आने के बाद पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने लोगों से उनके नॉन-हलाल रेस्तरां में पहुंचकर कारोबार का समर्थन करने की अपील की थी।
खालिस्तान पर टिप्पणी के बाद भी हुआ था विरोध
मार्च 2023 में हरमन कपूर ने सोशल मीडिया पर खालिस्तान आंदोलन की आलोचना करते हुए वीडियो पोस्ट किए थे। इसके बाद 23 मार्च को उनके पुराने रेस्तरां रंगरेज के बाहर कुछ लोगों के पहुंचने और दरवाजों पर हमला करने की घटना सामने आई थी। सितंबर 2023 में भी उन्होंने अपने घर के बाहर खड़ी कारों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। हरमन के मुताबिक, उनकी टिप्पणियों के बाद से उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पत्नी और बेटी को भी धमकाए जाने का दावा किया था।
अक्टूबर में सिंह्स डाइनिंग पर हमले की कोशिश का भी आरोप
ताजा विवाद से कुछ दिन पहले 28 अक्टूबर को भी हरमन कपूर ने अपने रेस्तरां पर हमले की कोशिश का आरोप लगाया था। 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए बयान में उन्होंने कहा था कि कुछ लोग रेस्तरां के शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। हरमन के मुताबिक, उनकी बेटी ने समय रहते शटर बंद कर दिए, जिससे हमलावर अंदर नहीं आ सके। उन्होंने पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावरों के वहां से चले जाने का भी दावा किया था।
पुलिस की कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा पर उठे सवाल
अब 13 नवंबर की गिरफ्तारी और रेस्तरां के बाहर हुए प्रदर्शन ने इस पुराने विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। एक ओर हरमन परिवार पुलिस से सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं प्रदर्शनकारी उनके बयानों को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

