गुरसिमरन मंड से मारपीट मामले में सिख संगत ने घेरा पंजोखरा साहिब थाना, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 04:26 PM (IST)

पंजाब डेस्क: हरियाणा के अंबाला स्थित पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा में एंटी खालिस्तानी नेता गुरसिमरन मंड के साथ हुई मारपीट के मामले में सिख संगत ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया है। रविवार को गुरुद्वारा साहिब में बैठक के बाद बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग पंजोखरा साहिब थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और गिरफ्तार किए गए युवकों की रिहाई की मांग की। इस प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी और शहीद भगत सिंह किसान यूनियन समेत कुछ सिख जत्थेबंदियों का समर्थन मिला है।

दो युवकों पर धारा 307 के तहत केस
हरियाणा सिख प्रबंधक कमेटी के वाइस चेयरमैन गुरवीर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई घटना के संबंध में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को युवकों की रिहाई के लिए समय दिया है। उनका कहना है कि यदि युवकों को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी, हरियाणा सिख प्रबंधक कमेटी के वाइस चेयरमैन गुरवीर सिंह और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

चढ़ूनी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आरोप लगाया कि गुरसिमरन मंड की शिकायत के आधार पर सिख युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया, लेकिन कथित तौर पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने वाले लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई। चढ़ूनी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी धार्मिक स्थल या परिसर में आकर विवाद करता है और वहां मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए प्रतिक्रिया देते हैं, तो पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले को जल्द सुलझाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि युवकों की रिहाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।

पुलिस और प्रशासन पर टिकी नजर
फिलहाल प्रदर्शनकारी थाने के बाहर युवकों की रिहाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर होने की बात कही जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News