शर्मनाक: बड़ी बहन ने पति के साथ मिल 13 वर्षीय बच्ची को नरक मे धकेला (Watch Video)

punjabkesari.in Monday, Sep 23, 2019 - 11:18 AM (IST)

अमृतसर (अरुण): हरियाणा निवासी एक बहन-जीजा द्वारा 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को अमृतसर निवासी एक नौजवान को 70 हजार रुपए में बेच दिया गया। दलालों की मदद से 3 महीने पहले यह डील दिल्ली में की गई। नाबालिगा के साथ विवाह रचाने के बाद में उक्त नौजवान करीब 1 महीने पहले लड़की को अमृतसर अपने घर ले आया।

लड़के परिवार द्वारा बंधक बना कर लड़की पर जुर्म ढहाना शुरू कर दिया गया, जिसकी भनक पडऩे पर मोहल्ला निवासी द्वारा इसकी सूचना पुलिस के कंट्रोल रूम 112 पर डायल करके दी गई। थाना डी-डिवीजन की पुलिस द्वारा आज सुबह हिंदुस्तान बस्ती स्थित लड़के के घर पर छापामारी कर बंधक बनाई गई लड़की को छुड़वाया गया और उसके पति राजन पुत्र हरिकृष्ण को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पार्टी द्वारा लड़की की बहन कविता और जीजा तरलोक कुमार निवासी बदवानी गेट कबीर नगर चरखी दादरी हरियाणा को भी गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित नाबालिग लड़की ने बताया कि करीब 3 महीने पहले उसकी बहन कविता और जीजा तरलोक द्वारा उसे कुछ दलालों की मदद से दिल्ली शहर में अमृतसर निवासी राजन को 70 हजार रुपए में बेच दिया।

राजन द्वारा उसकी मर्जी के बगैर उसके साथ जबरन विवाह करवा लिया और करीब 2 महीने दिल्ली में रख कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा, जिसके बाद अमृतसर के हिंदुस्तान बस्ती इलाके स्थित अपने घर लाने के बाद उसे बंधक बना लिया और जुर्म ढहाना शुरू कर दिया। उसने इसकी सूचना किसी मोहल्ला निवासी को दी, जिसके द्वारा 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को अवगत करवाया गया। वहीं थाना डी-डिवीजन के इंचार्ज इंस्पैक्टर हरजिन्द्र सिंह ने बताया कि लड़की के बयान पर कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा लड़की के पति राजन, सास निर्मला और 2 ननदों पिंकी पत्नी बंटी और पूनम पत्नी राजू, लड़की के बहन-जीजा सहित 6 व्यक्तियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड एक्ट और दुष्कर्म जुर्म सहित अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। परिवार के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।

Vatika