बस में बैठे निहंग सिंह का चढ़ा पारा, ड्राइवर को किया लहूलुहान

punjabkesari.in Sunday, Jun 04, 2023 - 01:15 PM (IST)

खन्ना : मलौद में एक निजी बस में गाने चलाने पर भड़के निहंग सिंह ने बस चालक पर कृपाण से हमला कर दिया। चालक के सिर पर वार किया गया जिससे वह लहूलुहान हो गया। यह देख निहंग सिंह ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया। निहंग सिंह ने पहले किराए को लेकर भी कंडक्टर से बहस की थी। उधर, गंभीर रूप से घायल बस चालक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

गांव लसोई निवासी जगसीर सिंह ने बताया कि वह निजी कंपनी की बस चलाता है जिसका रूट राड़ा साहिब से मलेरकोटला तक है। राड़ा साहिब से एक निहंग सिंह बस में सवार हुआ जिसने मलौद जाना था। किराए को लेकर निहंग सिंह ने पहले कंडक्टर से बहस की। उसके बाद जब बस मलौद पहुंची तो निहंग सिंह गुस्से में पीछे की खिड़की से उतर गया और आते ही कृपाण लेकर बस के सामने खड़ा हो गया। जब उन्होंने निहंग सिंह से कहा कि उनका समय हो रहा है तो निहंग सिंह ने ड्राइवर सीट वाली खिड़की से कृपाण से उस पर हमला कर दिया। वह खिड़की खोलकर नीचे उतरा। निहंग सिंह ने कृपाण से उसके सिर पर वार किया। गुस्से में आकर निहंग सिंह कृपाण लहराने लगा। उसे लहूलुहान देख बस में सवार यात्रियों ने शोर मचा दिया। लोग एकत्रित हो गए और मौके से भागने लगे निहंग सिंह को पकड़ लिया। 

इस घटना की जानकारी मिलते ही मलौद थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सब इंस्पैक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि निहंग सिंह को पहले हिरासत में लिया गया। उसके पास से एक कृपाण और एक लोहे का गोला बरामद किया गया, जिससे चालक पर हमला किया गया था। आई.ओ. दविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने जगसीर सिंह पुत्र बनारसी दास निवासी लसोई के बयानों पर निहंग कुलवंत सिंह पुत्र जंग सिंह निवासी फैजगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 

News Editor

Urmila