स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत पहले चरण में बदले जाएंगे 1000 डीजल आटो

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2019 - 09:10 AM (IST)

जालंधर(पुनीत): प्रदूषण से निपटने के लिए शहर में डीजल आटो हटाने का कार्य शुरू किया गया है, जिसके पहले चरण में 1000 आटो बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीजल आटो को इलैक्ट्रिक आटो से बदला जाएगा जिसके लिए आज आटो का डैमो नगर निगम परिसर में दिखाया गया। कंपनी के जतिन्द्र जोरवाल, आर.टी.ए. नयन जस्सल सहित निगम अधिकारियों द्वारा डैमो देखकर इसमें सवारी भी की गई। 

स्मार्ट सिटी पर काम करने वाली कंपनी द्वारा यह आटो मुहैया करवाया जा रहा है जिसकी कीमत 1.50 लाख रुपए रखी गई है। इस पर कंपनी द्वारा 50 हजार रुपए सबसिडी दी जाएगी जबकि 50 हजार रुपया नकद देना होगा, बाकी के 50 हजार रुपए का लोन प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई मुद्रा योजना के जरिए बेहद कम ब्याज पर दिया जाएगा। उक्त आटो एक बार में चार्ज करके 100 किलोमीटर चलेगा, इसकी स्पीड 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से रहेगी जिसके चलते दुर्घटना की संभावना कम होगी। आटो में ड्राइवर व 4 सवारियां बैठ सकती हैं। 

कूड़ा उठाने के लिए 2 डस्टबिन वाले आटो उपलब्ध 
कंपनी ने बताया कि इसी तरह से कूड़ा उठाने वाले आटो भी उपलब्ध हैं जिसकी कीमत 1.60 लाख रुपए होगी। उक्त आटो में 2 डस्टबिन होंगे जिसमें एक तरफ सूखा जबकि दूसरी तरफ मिला-जुला कूड़ा कर्कट स्टोर किया जाएगा। इसका डैमो भी जल्द ही दिया जाएगा। नगर निगम के फ्लीट में उक्त आटो शामिल किए जाने की योजना तैयार की जा रही है। उक्त आटो पूरी तरह से कवर होंगे जिसके चलते कूड़ा गिरने की संभावना नहीं रहेगी।

swetha