कुख्यात तस्कर सिकंदर गिरफ्तार, देहाती पुलिस से हुई मुठभेड़ दौरान लगी थी गोली

punjabkesari.in Saturday, Apr 07, 2018 - 05:08 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): कई संगीन आपराधिक मामलों में भगौड़ा चल रहे कुख्यात तस्कर सिकंदर सिंह निवासी कम्बों को आज जिला पुलिस ने एक ट्रैप के दौरान स्थानीय पुल तारा वाला के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सिकंदर के घर से उसकी 32 बोर की एक रिवॉल्वर जिंदा कारतूस बरामद कर उसे अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है। बताने योग्य है कि 3 अप्रैल को देर रात्रि सिकंदर की देहाती पुलिस के साथ मकबूलपुरा क्षेत्र में मुठभेड़ हुई थी।

इस दौरान सिकंदर गोली लगने से घायल हो गया था, पर वह पुलिस को चकमा दे मौके से भाग निकला था। डी.सी.पी. इन्वैस्टीगेशन जगमोहन सिंह व ए.डी.सी.पी.-1 जगजीत सिंह वालिया ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान बताया कि देहाती पुलिस के साथ हुए एनकाऊंटर के उपरांत सिकंदर अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था, जबकि थाना सदर की पुलिस ने उसी दिन सिकंदर के करीबी जोबनजीत सिंह को एक चोरी के मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया था। इसके कब्जे से पुलिस ने एक 32 बोर की पिस्तौल व 1 जिंदा कारतूस बरामद किया था। जांच दौरान जोबनजीत सिंह ने भी सिकंदर के बारे में खुलासा किया था कि वे मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस लगातार सिकंदर को ट्रेस कर रही थी कि गत दिवस सिकंदर का एक और साथी व रिश्ते में उसका भांजा संदीप सिंह जिला तरनतारन पुलिस के हाथ लग गया। इसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। 

सिकंदर पर दर्ज मामले
-2012 थाना सदर में चोरी का मामला- 2013 थाना मकबूलपुरा में एन.डी.पी.एस. एक्ट का मामला
-2013 थाना बी-डिवीजन में झगड़े का मामला
-2017 थाना राजासांसी में एन.डी.पी.एस. एक्ट का मामला- 
-2018 थाना सदर में चोरी व आम्र्ज एक्ट का मामला
-4 अप्रैल 2018 में मकबूलपुरा में हत्या प्रयास व आम्र्ज एक्ट का मामला दर्ज है। 

मुठभेड़ वाली रात को ही गिरफ्तार हो गया था सिकंदर
देहाती पुलिस व कुख्यात तस्कर सिकंदर के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से सिकंदर घायल हो गया था जिसे उसी रात जिला पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया था। घायल होने के कारण पुलिस सिकंदर की गिरफ्तारी का खुलासा नहीं कर रही थी, इस बारे में लगातार देहाती व जिला पुलिस से 4 अप्रैल को पूछे जाने पर कोई पुष्टि नहीं हुई थी। आज गिरफ्तार किए गए सिकंदर को मीडिया के सामने लाया गया। 

Punjab Kesari