सोशल मीडिया स्टार पायल परम को निहंगों की चेतावनी: ‘माफी न मांगी तो खुद करेंगे हिसाब’
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 03:28 PM (IST)
धनौरी/चंडीगढ़: पंजाबी मॉडल और कंटेंट क्रिएटर पायल परम के शराब और सिगरेट पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में उनके हाथ पर वीर सेनापति हरि सिंह नलवा का टैटू भी दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के बाद निहंगों में नाराजगी जताई गई है। निहंग सिंह ने इस मामले में कहा कि पायल परम ने अपनी बाजू पर सिख सेनापति हरि सिंह नलवा का टैटू बनवाया हुआ है। उनका कहना था कि जिस हाथ में यह टैटू है, उसी हाथ से वह शराब की बोतल पकड़ती हैं, जो सिख धर्म और इतिहास के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने पायल परम से आग्रह किया कि वह तुरंत यह टैटू हटाएं।
निहंग जसदीप सिंह की चेतावनी
चंडीगढ़ के निहंग जसदीप सिंह ने वीडियो के सामने आने के बाद पायल परम को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पायल परम को 48 घंटे के अंदर श्री अकाल तख्त साहिब पर जाकर माफी मांगनी होगी और अपने टैटू में सुधार करना होगा। जसदीप ने स्पष्ट किया कि अगर पायल परम समय पर माफी नहीं मांगती हैं, तो वह खुद प्रसाद दे देंगे और उसका हिसाब-किताब करेंगे। उन्होंने कहा, “सिख सिद्धांतों के खिलाफ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पायल परम ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद पायल परम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वीडियो पुराने हैं और उन्होंने उन गलतियों से सबक लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू कर रही हैं और सिख समाज से सच्ची माफी मांगती हैं।

सोशल मीडिया पर सक्रियता
पायल परम के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों फॉलोअर्स हैं। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ बिग बॉस के सेट पर भी वीडियो शेयर किए हैं। उनके अकाउंट पर छोटे कपड़े और अंग प्रदर्शन वाले वीडियो भी मौजूद हैं, जिस पर निहंगों ने आपत्ति जताई।
हरि सिंह नलवा का ऐतिहासिक महत्व
सिख साम्राज्य के सेनापति हरि सिंह नलवा महाराजा रणजीत सिंह के भरोसेमंद सेनापतियों में से एक थे। उन्होंने अफगानों को कई बार हराया और पंजाब की सीमाओं की रक्षा की। निहंगों ने कहा कि उनके नाम और टैटू का गलत इस्तेमाल धर्म और इतिहास की दृष्टि से आपत्तिजनक है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

