दशकों से लटकी समस्याओं का मोदी सरकार में हुआ समाधान : अविनाश राय खन्ना

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2020 - 09:44 AM (IST)

लुधियाना(गुप्ता) : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समय पर उठाए गए कदमों की बदौलत भारत में कोरोना वायरस से पैदा हुई स्थिति नियंत्रण में है, अन्यथा स्थिति भयावह हो सकती थी। प्रधानमंत्री मोदी के कदमों का पूरे विश्व ने अनुसरण किया है।

मोदी सरकार-2 के उपलब्धियों से भरे सफलतम एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल कई ऐतिहासिक फैसलों का गवाह है जिसमें दशकों से लंबित समस्याओं का समाधान हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मसम्मान के साथ भारत की छवि पूरी दुनिया में निर्णायक बनी है। धारा-370 हटाने से पहले देश को कांग्रेस द्वारा 70 वर्ष तक संवैधानिक तौर पर 2 हिस्सों में बांटा हुआ था और देश में 2 विधान, 2 निशान तथा 2 कानून लागू कर रखे थे। पाकिस्तान के लोगों को तो कश्मीर की नागरिकता मिल जाती थी  लेकिन भारतीयों को नहीं। नरेन्द्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद इस 70 साल पुराने नासूर को निरस्त कर सारे देश में ‘एक निशान-एक विधान तथा एक कानून’ लागू कर इतिहास रच दिया जिसकी सारा विश्व सराहना कर रहा है।

खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री केयर फंड का हिसाब-किताब मांगने वालों को पता होना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भारत की जनता को पूर्ण विश्वास है। फंड पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी बताएं कि वह वायनाड से सांसद हैं, कोरोना काल में वायनाड के लोगों का दुख-दर्द जानने के लिए उन्होंने क्या किया। जम्मू-कश्मीर पर मोदी सरकार की आलोचना करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए खन्ना ने कहा कि वहां 3 पूर्व मुख्यमंत्री नजरबंद रहे हैं पंरतु वहां की जनता ने इस बात का कोई विरोध नहीं किया, क्योंकि जनता जानती है कि उन्होंने उन्हें लूटने के अलावा कुछ नहीं किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंघल, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष प्रवीण बांसल, महामंत्री जीवन गुप्ता, कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, सह कोषाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा, पंजाब भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल सरीन, एस.सी. मोर्चा के पंजाब अध्यक्ष राजकुमार अटवाल आदि उपस्थित थे।

Vatika