नशा बेचने से रोका तो बेटे और बहू ने लोहे की राड से बुजुर्ग का सिर फाड़ा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 27, 2019 - 06:18 PM (IST)

खन्ना(सुनील): पुलिस जिला खन्ना अधीन पड़ते कोट सेखों गांव में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपने बेटे और पुत्रवधू को नशा बेचने से रोका तो उन्होंने लोहे की राड से बुजुर्ग का सिर फाड़ दिया। लहूलुहान अवस्था में बुजुर्ग को सिविल अस्पताल खन्ना भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने एमएलआर के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। वहीं पुलिस ने घायल के बयान दर्ज करके अगली कार्रवाई आरंभ कर दी थी। 

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन भाग सिंह (65) पुत्र सुरजीत सिंह निवासी कोट सेखों ने बताया कि सोमवार की रात को साढ़े 9 बजे वह घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके बेटे रामेशवर सिंह तथा पुत्रवधू मनप्रीत कौर ने कुर्सी से उस पर हमला कर दिया और डंडों से उससे मारपीट करते हुए सिर में लोहे की राड मारकर उसे घायल कर दिया। उसका छोटा बेटा मनदीप सिंह शोर सुनकर वहां आया और बीच बचाव करते हुए उसे लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल खन्ना भर्ती कराया गया।

भाग सिंह ने आरोप लगाया कि उसका एक अन्य बेटा सतनाम सिंह नशीले कैप्सूल तथा गोलियां बेचने का धंधा करता था। जिसके साथ मिलकर ही रामेशवर सिंह तथा मनप्रीत कौर नशा बेचने का धंधा करते हैं। मकान उसके नाम पर है। वह उन्हें नशा बेचने से रोकता है। इसलिए वह उससे मारपीट करते रहते हैं और इसी कारण बीती रात उस पर हमला कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष की मनप्रीत कौर ने सभी आरोपों को झूठ तथा निराधार बताते हुए कहा कि वह और उसका पति किसी प्रकार का नशा नहीं बेचते हैं। उसका ससुर झूठे आरोप लगा रहा है। उनके मकान में बिजली के अलग-अलग मीटर हैं। उसका पति रामेशवर काम पर चला गया था। जब वह बाथरूम के लिए बाहर निकली तो भाग सिंह ने उससे हाथापाई करते हुए कपड़े फाड़ दिए। उसके देवर मनदीप ने भी उससे मारपीट की। उसके बच्चों ने उसके पति को वापस बुलाया और पति ने आकर उसका बचाव करते हुए सिविल अस्पताल खन्ना भर्ती कराया।

क्या कहना है पुलिस अधिकारियों का
इस संबंध में जब पुलिस अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि भाग सिंह के बेटे सतनाम सिंह को नशीली दवाइयों समेत गिरफ्तार किया गया था। रामेशवर पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी पड़ताल की जा रही है। अगर नशा बेचने की कोई सच्चाई सामने आई तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं मारपीट की घटना संबंधी भी पुलिस जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयानों की पड़ताल की जा रही है।
 

Vaneet