बहू के साथ दुबई गया बेटा लापता, 18 लाख खर्चकर भी नहीं मिला सुराग, दर-दर भटक रहा परिवार
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 03:16 PM (IST)
अमृतसर: (रमन) : अमृतसर के जगदेव कलां गांव का एक परिवार अपने लापता बेटे को ढूंढने के लिए दर-दर भटक रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, लखबीर सिंह साल 2024 में अपनी पत्नी कवलजीत कौर के साथ दुबई गया था लेकिन अब हालात यह हैं कि कवलजीत कौर भारत लौट आई है, जबकि लखबीर सिंह अभी भी लापता है।
लखबीर सिंह के पिता देश सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे और पत्नी को दुबई से इटली भेजने के लिए एक एजेंट को करीब 18 लाख रुपये दिए थे। दोनों दुबई पहुंच गए, लेकिन कुछ दिनों बाद लखबीर सिंह अचानक गायब हो गया। उन्होंने बताया कि लखबीर की पत्नी ने दुबई पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन उसके बाद वह भारत लौट आई। हैरानी की बात यह थी कि वह अपने ससुराल जाने के बजाय अपने मायके चली गई और लखबीर सिंह पर तलाक के लिए दबाव बनाने लगी।
देश सिंह का आरोप है कि कवलजीत कौर ने तलाक से पहले ही दूसरी शादी की तैयारी शुरू कर दी थी। विरोध बढ़ने के बाद वह वापस दुबई चली गईं और वहां से लखबीर सिंह का डेथ सर्टिफिकेट भेजा, जिसे परिवार नकली बता रहा है। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी भी नहीं पता कि लखबीर सिंह जिंदा है या मर गया। इस मामले में परिवार ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल से भी संपर्क किया है और मांग की है कि उनके बेटे का सच सामने लाया जाए। देश सिंह ने कहा, “हमें तो यह भी नहीं पता कि हमारा बेटा ज़िंदा है या मर गया। हम हर दरवाजा खटखटा चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी ने कुछ नहीं सुना।”
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

