त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी राहत, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलेंगी 5 स्पेशल ट्रेनें
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 12:22 PM (IST)
चंडीगढ़ः त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्पैशल ट्रेनें शुरू की हैं। रेलवे की तरफ से चंडीगढ़ और पटना के बीच 6 नवंबर को फैस्टीवल स्पैशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। अंबाला मंडल के सीनियर डी.सी.एम. यशनजीत सिंह ने बताया कि अभी स्पैशल ट्रेन का एक ट्रेन फेरा तय किया गया है, जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकता हैं।
ट्रेन संख्या 04510 चंडीगढ़-पटना रिजर्वड फैस्टीवल स्पैशल एक्सप्रेस 6 नवंबर रात 10 बजे चंडीगढ़ से चलेगी और अगले दिन रात्रि 9.15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 7 नवंबर रात 11.15 बजे पटना से चलकर अगले दिन रात 9.40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अम्बाला मंडल के अम्बाला छावनी एवं सहारनपुर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को मिली 5 स्पैशल ट्रेन : चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन बद्दी, पंचकूला, मोहाली, जीरकपुर और पिंजौर के समीप होने के कारण यात्रियों का रुझान सबसे अधिक रहता है। त्योहारों में अधिक भीड़ इसी रेलवे स्टेशन पर देखी जाती है, जिस कारण अंबाला मंडल दीपावली और छठ पूजा को लेकर 5 स्पैशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। पिछले साल चंडीगढ़ से सिर्फ 3 स्पैशल ट्रेनों का संचालन किया गया था।
- चंडीगढ़-बरौनी गाड़ी 04535-36
- चंडीगढ़-पटना गाड़ी 04511-12
- चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल गाड़ी संख्या 04227-28
- फिरोजपुर वाया चंडीगढ़ होकर पूर्णिया स्पेशल ट्रेन
- चंडीगढ़-पटना फैस्टीवल स्पेशल संख्या 045 10

