रेत माफिया को शह व किसानों को धोखा दे रही राज्य सरकार : श्वेत मलिक

punjabkesari.in Monday, Jun 25, 2018 - 07:28 AM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी,गोयल): पंजाब के किसानों के साथ कैप्टन सरकार ने धोखा किया है। पंजाब का किसान आत्महत्याएं कर रहा है। यह शब्द पंजाब भाजपा के प्रधान श्वेत मलिक ने धनौला में एक पैलेस में विशाल एकत्रिता को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार कुंभकर्णी नींद सोई हुई है। कैप्टन अमरेंद्र सिंह मौज-मस्ती में लगे हुए हैं। केंद्र सरकार द्वारा बड़ी-बड़ी स्कीमें चलाई गई हैं, पर कैप्टन अमरेंद्र सिंह की सरकार इन स्कीमों को पंजाब में लागू नहीं कर रही है।


भाजपा द्वारा मालवे के बरनाला इलाके में आज रैली की गई। धान बीजने का सीजन होने के बावजूद भारी संख्या में किसान भाई भाजपा की रैली में आए, जिसका बड़ा कारण कांग्रेस द्वारा किसानों को अनदेखा करना है। पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ जो पहले किसानों की बात करता था, सत्ता मिलने पर अब वह फाइव स्टार होटलों में आराम कर रहा है। पंजाब की नहरें सुखी पड़ी हैं, जबकि कांग्रेस सरकार नादिरशाही फरमान जारी कर रही है।


अब शाहकोट के एम.एल.ए. को रेत माइनिंग की खुली छूट दी हुई है। कांग्रेसियों द्वारा इस मुद्दे पर एक विधायक को भी पीटा गया। कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर बरसते उन्होंने कहा कि उन्होंने गुटका साहिब हाथ में लेकर शपथ खाई थी कि पंजाब में से नशा एक महीने में खत्म कर देंगे। 15 महीने व्यतीत हो गए हैं पंजाब में नशा पहले से भी बढ़ गया है। कैप्टन सरकार की इन नीतियों के कारण ही पंजाब के लोग इससे तंग आ चुके हैं। आने वाले लोकसभा चुनावों में अकाली-भाजपा गठजोड़ 13 की 13 सीटों पर विजय हासिल करेगा। 
 

Anjna