AAP के जंगलराज में जल रहा है पंजाब, मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत इस्तीफा दें : तरुण चुघ

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 07:03 PM (IST)

चंडीगढ़/रोपड़  : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब के रोपड़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भगवंत मान की अगुवाई वाली 'आप' सरकार पर पंजाब को जंगलराज और प्रशासनिक अराजकता की ओर धकेलने का आरोप लगाया। अमृतसर के मजीठा के पास पंजाब पुलिस कर्मचारी जोगा सिंह की निर्मम हत्या और कपूरथला सेंट्रल जेल में हुई हिंसा का उल्लेख करते हुए चुग ने कहा कि ये घटनाएं पंजाब में बढ़ते अपराध, गैंगस्टर राज और प्रशासनिक विफलता का भयावह प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान — जो गृह मंत्री का प्रभार भी संभाल रहे हैं — का तत्काल इस्तीफा मांगते हुए तरुण चुग ने कहा कि जब ड्यूटी पर जा रहा पंजाब पुलिस का कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं है, तब आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा कि कपूरथला जेल हिंसा, पुलिस चौकियों पर हमले, वसूली रैकेट, टारगेट किलिंग और गैंगस्टर नेटवर्क का विस्तार यह दिखाता है कि पंजाब में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का शासन चल रहा है।

रोपड़ की जनसभा में लोगों को संबोधित करते हुए चुग ने कहा कि नशे जैसे गंभीर विषय पर कार्रवाई करने के बजाय मान सरकार केवल सर्वे और दिखावटी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि “ड्रग एवं सामाजिक-आर्थिक जनगणना” करवाना पंजाब पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का काम था, लेकिन पंजाब पुलिस आज अरविंद केजरीवाल और उनके करीबी नेताओं की सुरक्षा तथा राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त है। इसी कारण अब सरकारी स्कूल शिक्षकों पर डबल और ट्रिपल ड्यूटी थोपकर उन्हें घर-घर सर्वे के लिए भेजा जा रहा है।

चुग ने कहा कि यदि मान सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर होती, तो इन्हीं शिक्षकों को स्कूलों और कॉलेजों में ड्रग जागरूकता और सतर्कता अभियान चलाने के लिए प्रशिक्षित किया जा सकता था। इससे पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने का बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता था।

तरुण चुग ने आरोप लगाया कि पंजाब की जेलें संगठित अपराध और नशा तस्करी के अड्डे बन चुकी हैं, जहां से गैंगस्टर खुलेआम अपना नेटवर्क चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव में चल रही पुलिसिंग, कमजोर शासन और प्रशासनिक पंगुता ने इस संवेदनशील सीमावर्ती राज्य में राष्ट्रविरोधी और आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। चुग ने मांग की कि शिक्षकों को तुरंत गैर-शैक्षणिक ड्यूटी से मुक्त किया जाए, पंजाब पुलिस को कानून-व्यवस्था और नशा विरोधी अभियान पर केंद्रित किया जाए तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News