जालंधर के जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए वजीफा वितरण समारोह आयोजित, देखें तस्वीरें

punjabkesari.in Monday, Dec 16, 2019 - 12:57 PM (IST)

जालंधर (सोनू): परमात्मा का दूसरा रूप अध्यापक है, इन्हें गुरु का दर्जा दिया गया है। शिक्षा एक ऐसी एफ.डी. है जिसका उपयोग जिंदगी भर किया जा सकता है। उक्त शब्द श्री रामनवमी उत्सव कमेटी द्वारा श्री विजय चोपड़ा की अध्यक्षता में डी.ए.वी. इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी इंस्टीच्यूट में आयोजित वजीफा वितरण समारोह में उद्योग मंत्री सुन्दर श्याम अरोड़ा ने कहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंजाब केसरी ग्रुप के डायरैक्टर श्री अभिजय चोपड़ा, श्री अरूष चोपड़ा, श्री अविनव चोपड़ा व श्रीमती सायशा चोपड़ा भी शामिल हुईं।

PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

उद्योग मंत्री अरोड़ा ने कहा कि श्री विजय चोपड़ा जरूरतमंद बच्चों को झोंपड़ियों से निकाल कर स्कूलों में भेजने का जो कार्य कर रहे हैं, वास्तव में यह मानवता की सेवा है। बच्चे कैसे तरक्की करें इस सोच को लेकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम में हम जब भी आते हैं तो हमें भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। वहीं उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों और अध्यापकों की भी प्रशंसा की। इस दौरान 1500 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और वजीफे के चैक भेंट किए गए।
PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

इस मौके पर सांसद जी.एस. औजला, विधायक राजिन्द्र बेरी, पूर्व मंत्री तीक्षण सूद, प्रदेश भाजपा उपप्रधान महिन्द्र भगत, प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष सन्नी शर्मा, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, सी.एल. कोछड़, जिला भाजपा अध्यक्ष रमन पब्बी, राजिन्द्र शर्मा लुधियाना, बलबीर गुप्ता लुधियाना, अशोक ढींगरा नूरमहल, मास्टर अमीर चंद, लुधियाना से राजन चोपड़ा, संजीव मोहनी, अनिल कुमार, सतीश जैन सहित संकल्प एन.जी.ओ. से अवतार सिंह, कुलदीप कौर, सुखविन्द्र कौर, तनवी छाबड़ा, प्रोजैक्ट डायरैक्टर विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विवेक खन्ना, चमन लाल खन्ना, रमेश सहगल, रविन्द्र खुराना, एम.डी. सभ्रवाल, डा. मुकेश वालिया, मनोहर लाल महाजन, पवन भोढी, कृष्ण कोछड़ मिंटा, सुनीता भारद्वाज, सुदेश विज, प्रिंस अशोक ग्रोवर, मनमोहन कपूर, मट्टू शर्मा, सुनील कपूर, जोगिन्द्र किशन शर्मा, सुमेश आनंद, हेमंत शर्मा, तरसेम कपूर सहित भारी संख्या में गण्यमान्य शामिल हुए। 

PunjabKesari,

रक्त दान व नेत्र दान से बड़ा है शिक्षा का दान : बलबीर सिद्धू
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा कि समाज में रक्त दान, नेत्र दान इत्यादि किए जाने वाले विभिन्न तरह के दान से बहुत बड़ा दान शिक्षा का है। शिक्षा के लिए जरूरतमंदों को सहयोग करना सच में बहुत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि श्री विजय चोपड़ा अपनी कलम और अखबार के माध्यम से जिस तरह से समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं, उसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।

PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

आज के बच्चे देश का भविष्य हैं : चावला
पूर्व मंत्री डा. बलदेव चावला ने कहा कि अनुशासित होने वाला व्यक्ति अपना लक्ष्य हासिल कर सकता है। आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और कल देश की बागडोर संभालेंगे और फिर उसे ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि उनमें देशभक्ति कूट-कूट कर भरी होनी चाहिए तथा आज्ञाकारी और अनुशासित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाला देश का परम सेवक बन सकता है।

PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

देश की एकता-अखंडता के लिए तैयार रहना होगा : धर्मसोत
कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि देश को प्यार करने वाले जातपात नहीं देखते हैं, जो लोग जातपात की बात करते हैं, जो एकता रूपी गुलदस्ते को तोड़ना चाहते हैं, हमें उनसे सचेत रहना होगा। हमें देश की एकता और अखंडता को बचाने के लिए हमेशा तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि दवाई और पढ़ाई का सिस्टम जब तक सरकारें ठीक नहीं करती, तब तक देश का आगे बढ़ना मुश्किल है। उन्होंने कहा दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर नेताओं को सोचना पड़ेगा तथा जातपात को छोड़ना पड़ेगा। बच्चे देश का भविष्य हैं। गरीब, अमीर देश की दौलत हैं।
PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students
उन्होंने कहा कि जब हम सो रहे होते हैं तब हमारे नौजवान भाई सरहदों पर दुश्मनों की गोलियां खाकर देश की खातिर शहीद हो जाते हैं। देश के लिए हमें ऐसे ही शूरवीर बनाने हैं। उन्होंने कहा कि श्री विजय चोपड़ा जी गिरे को उठाते हैं, प्यासे को पानी पिलाते हैं तथा दूसरों के दर्द को समझते हैं। उन्होंने सरहदी इलाकों में पीड़ित परिवारों के लिए 3 ट्रक राशन सामग्री रवाना किए हैं जिसकी जितनी सराहना की जाए कम है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए श्री चोपड़ा परिवार ने जो कुर्बानियां दी हैं, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
PunjabKesari, stipend distribution ceremony for students

स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में एस.डी. कॉलेज, बी.डी. आर्या कॉलेज,नोबेल फाऊंडेशन लुधियाना, मां शारदा विद्या पीठ लुधियाना, लाला जगत नारायण डी.ए.वी. स्कूल, नटराज कला केन्द्र, आर.डी. खोसला डी.ए.वी. स्कूल बटाला, सेंट सोल्जर मॉडल स्कूल बटाला, अमन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सब का मन मोह लिया।
PunjabKesari, stipend distribution ceremony for students

बच्चे मां-बाप की असली दौलत हैं : मास्टर मोहन लाल
पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल ने वजीफा वितरण समारोह में आए बच्चों के अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे मां-बाप की असली दौलत हैं। मकान, दुकान, खेत-खलिहान काम नहीं आएगा, बच्चे ही काम आएंगे इसलिए बच्चों को पढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को पढ़-लिख कर दुनिया में नाम कमाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को प्रश्न और उत्तर पूछ कर उन्हें पुरस्कृत किया।

PunjabKesari, stipend distribution ceremony for students

तीसरा विश्व युद्ध पानी के लिए लड़ा जाएगा : खन्ना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि अब तीसरा विश्व युद्ध पानी के लिए लड़ा जाएगा। हमें सचेत होना होगा, इसलिए हम प्रण लें कि पढ़ाई के साथ-साथ हम पानी की बर्बादी को रोकेंगे। उन्होंने कहा कि मां-बाप को बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानने की जरूरत है।

PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

वीरेन्द्र शर्मा ने किया स्वागत
योग गुरु वीरेन्द्र शर्मा ने वजीफा वितरण समारोह में आए हुए गण्यमान्यों का विधिवत स्वागत करते हुए बच्चों को पढ़ने तथा बुराइयों का त्याग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शहर के विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों से कहा कि श्री विजय चोपड़ा के मन में आपके लिए उतना प्रेम है, जितना प्रेम अपने परिवार के लिए है। उन्होंने बच्चों से कहा कि मर्यादा में रहकर जीवन बिताएं और अनुशासन में रहें।

PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students

अवनीश अरोड़ा ने किया आभार व्यक्त
मंच का संचालन करते हुए कमेटी के महासचिव अवनीश अरोड़ा ने समारोह में आए सभी गण्यमान्यों का आभार प्रकट किया और कमेटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 1500 बच्चों को वजीफा वितरित किया गया। प्रत्येक बच्चों को 300 रुपए की नकद राशि दी गई और एक स्कूल बैग भी दिया गया, जिसमें बच्चों के काम आने वाली सामग्री डाली गई है, जोकि विभिन्न महानुभावों द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने डेवियट मैनेजमैंट के सहयोग की सराहना की। इस दौरान बच्चों का मैडीकल चैकअप करने वाले डाक्टरों को सम्मानित किया गया।
PunjabKesari, stipend distribution ceremony for students
बच्चों का हुआ मैडीकल चैकअप
श्री रामनवमी उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित वजीफा वितरण समारोह में बच्चों का जनरल चैकअप, चमड़ी, दांत, आंखों, नाक, गले का चैकअप डा. पिंकी चावला, डा. कपिल गुप्ता, डा. शिवदयाल माली, डा. इन्द्रपाल सिंह, शौनक व्यास, राजकुमार शर्मा, डा. वरुण अग्रवाल, अरुण वर्मा, गोपाल सूद, डा. शशि आदि माहिर डाक्टरों की टीम ने किया। इस मौके पर बच्चों को डा. मुकेश वालिया व सुभाष भारद्वाज, चावला चिल्ड्रन अस्पताल तथा दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने आयुर्वैदिक दवाइयां वितरित कीं।
PunjabKesari, Stipend distribution ceremony for students
हर धर्म के इंसान से प्यार करना चाहिए : मजीठिया
पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने कहा कि हमें हर धर्म के इंसान से प्यार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में अच्छा इंसान बनने के लिए पढ़ाई-लिखाई जरूरी है। पढ़-लिख कर सामाजिक सभ्यता भी बहुत जरूरी है। अगर पढ़-लिख कर सामाजिक सभ्यता नहीं आई और व्यवहार ठीक नहीं हुआ तो पढ़ने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा जब उस परमपिता परमेश्वर के घर जाना पड़ेगा तो किसी ने यह नहीं पूछना कि कितना पढ़े हो या आपके पास पैसा बहुत था, वहां कर्मों की बात होनी है। उन्होंने कहा कि आज राजनीतिज्ञ अपनी ड्यूटी से फेल हो गए हैं। इस मौके पर श्री रामनवमी उत्सव कमेटी के प्रधान श्री विजय चोपड़ा को कमेटी द्वारा लगातार आयोजित किए जा रहे वजीफा वितरण समारोह के 19 वर्ष होने की बधाई दी।
PunjabKesari, stipend distribution ceremony for students
पढ़ाई दो तरह की होगी तो देश पीछे रह जाएगा : जोगिन्द्र दयाल
कामरेड डा. जोगिन्द्र दयाल ने कहा कि आज पंजाब के नौजवानों का विदेशों में जाने का मुख्य कारण है कि यहां न विद्या अच्छी मिल रही है और न ही नौकरी। पंजाब आज मुश्किल के दौर से गुजर रहा है। आज सरकारी स्कूलों और प्राइवेट स्कूलों में हो रही पढ़ाई ठीक नहीं है। अगर देश में अमीर-गरीब की पढ़ाई 2 तरह की होगी तो देश पीछे रह जाएगा। आज नौजवानों में देशभक्ति का जज्बा खत्म होता जा रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पंजाब अपनी मां बोली से दूर होता जा रहा है। पंजाब किस ओर जा रहा है, हमें यह सोचने व समझने की जरूरत है। अमीर-गरीब की शिक्षा एक होनी चाहिए। एक तरह की शिक्षा भारत देश को आगे ले जा सकती है। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News