टांडा में 8 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला, नोच-नोचकर मार डाला

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 11:43 AM (IST)

टांडा उड़मुड़ (वरिंदर पंडीत,मोमी): गांव खर्ल खुर्द में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक प्रवासी परिवार की 8 वर्षीय बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोच-नोच कर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक बच्ची की पहचान सलोनी पुत्री प्यारे लाल निवासी खर्ल खुर्द के रूप में हुई है। इस दुखद घटना संबंधी जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश से आकर यहां रह रहे बच्ची के पिता प्यारे लाल ने बताया कि सलोनी तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। आज सुबह करीब 8:30 बजे वह स्कूल जाने के लिए तैयार होने के बाद बाथरूम के लिए खेतों की ओर गई थी।

जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि 3-4 आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया था। परिजन तुरंत उसे टांडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सरकारी अस्पताल के डा . गौरव ने बताया कि जब बच्ची को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि बच्ची के शरीर पर करीब 80 के आसपास काटने के घाव थे और उसके चूले की हड्डी तक गायब थी । इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News