नवांशहर में 15 नवम्बर तक सख्त आदेश जारी, शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक लगी पाबंदी

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 03:54 PM (IST)

नवांशहर (त्रिपाठी): डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला मैजिस्ट्रैट शहीद भगत सिंह नगर गुलप्रीत सिंह औलख ने किसानों से अपील की है कि वे धान की फसल पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी या देरी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बारिश के मद्देनजर जिले की मंडियों में धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति कंट्रोलर, सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों तथा मंडी बोर्ड के संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से मंडियों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में खुले में पड़े धान के ढेरों और बोरियों में भरे धान को तिरपालों से अच्छी तरह ढककर रखा जाए, ताकि बारिश के कारण फसल को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज को सुरक्षित रखना और मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। 

किसानों को चाहिए कि वे मंडियों में सूखा धान लेकर आएं, ताकि नमी के कारण खरीद में देरी या किसी अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जिले की सीमा में 15 नवम्बर तक शाम 6 से सुबह 10 बजे तक कंबाइन मशीनों से धान की कटाई करने पर भी रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि रात के समय कटाई करने तथा कम पके या अधिक नमी वाले धान की कटाई से किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने के दौरान परेशानी हो सकती है।

डिप्टी कमिश्नर ने किसानों और कंबाइन मालिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय और नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडियों में खरीद व्यवस्था, धान की सुरक्षा तथा कंबाइन मशीनों के संचालन संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी करने को कहा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News