सेंट थॉमस स्कूल में दूसरी क्लास के मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई, हैरत में डाल देगा पूरा मामला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 09:22 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के ब्राउन रोड पर स्थित नामी सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहा दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक मासूम बच्चे को स्कूल के ही प्रिंसिपल द्वारा बेरहमी से पीटने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से ही स्कूल के अन्य अभिभावकों में भारी रोष और चिंता का माहौल है।

पिता ने रोते हुए दी जानकारी 
पुलिस को दिए अपने आधिकारिक बयानों में पीड़ित बच्चे के पिता भारत भूषण ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल सैम्युल (Samuel) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि उनका मासूम बेटा सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्राउन रोड) में दूसरी क्लास का छात्र है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से स्कूल के प्रिंसिपल सैम्युल द्वारा उनके बच्चे को लगातार निशाना बनाया जा रहा था। उसे न सिर्फ बुरी तरह मारा जाता था, बल्कि उसे डराया-धमकाया भी जाता था। पिता ने रोते हुए बताया कि हद तो तब हो गई जब उनके बच्चे को क्लास में बाकी बच्चों के साथ पढ़ाने की बजाय, सजा के तौर पर रिसेप्शन पर या स्कूल के किसी अलग कोने में बिल्कुल अकेला बिठा दिया जाता था, जिससे बच्चा बुरी तरह सहम गया है।

कैमरों के फुटेज खंगाल रही पुलिस 
परिजनों के मुताबिक, प्रिंसिपल के इस कथित अमानवीय और क्रूर व्यवहार के कारण मासूम बच्चे के बाल-मन पर बहुत गहरा और बुरा असर पड़ा है। बच्चा इतना डर चुका है कि वह अब स्कूल का नाम सुनते ही रोने लगता है और घर से बाहर निकलने से भी कतरा रहा है। जब बच्चे ने घर आकर अपने साथ हो रहे इस अत्याचार की दास्तां रोते हुए बयां की, तो परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस की शरण ली। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर सेंट थॉमस स्कूल के प्रिंसिपल सैम्युल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की मारपीट या मानसिक प्रताड़ना कानूनन अपराध है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब स्कूल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्कूल स्टाफ व अन्य गवाहों से पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News