नगर कौंसिल चुनाव में फर्जी वोटों की साजिश के खिलाफ सुभाष शर्मा ने शुरू की पोल खोल पदयात्रा
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 10:50 PM (IST)
श्रीआनंदपुर साहिब, (विशेष) : नगर कौंसिल चुनाव के मद्देनजर पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा की अगुवाई में भाजपा ने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में एक सप्ताह की पोल खोल पदयात्रा शुरू की है। इस पदयात्रा को संबोधित करते हुए डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि पदयात्रा नंगल, श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब से गुजरेगी। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की मिलीभगत , कुशासन और भ्रष्टाचार की पोल खोली जाएगी। उन्होंने पीएसीएल में हुए भ्रष्टाचार , नगर कौंसिल के फंडो के दुरुपयोग , ठेका कर्मचारियों की भर्ती में अनिमियता जैसे मुद्दों को उठाते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को घेरा ।
उन्होंने कहा कि जनता जोकि पिछले 9 साल से कुशासन का संताप झेल रही है उस कुशासन के संताप को दूर करने की पूरी कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपनी संभावित हार को देखकर डरी हुई है इसलिए चुनाव के लिए षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। एक-एक वार्ड के अंदर 200 से 300 नकली वोटें बनवाने की साजिशें रची गई हैं। भाजपा इस षडयंत्र को सफल नहीं होने देगी और नकली वोटें बनवाने का पर्दाफाश किया जाएगा। सात दिन की इस पदयात्रा में भाजपा वर्कर हर घर, हर मोहल्ले में जाएंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। आज पानी और बिजली कटों को लेकर त्राहि त्राहि मची हुई है वहीं स्ट्रीट लाइट्स की समस्या से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की विफलताओं और पिछली कांग्रेस सरकारों की कमियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

