9 साल से ससुराली कर रहे थे दहेज के लिए परेशान,बहू ने जहर खाकर दे दी जान

punjabkesari.in Friday, Feb 14, 2020 - 10:03 AM (IST)

हाजीपुर(जोशी):पुलिस स्टेशन हाजीपुर के गांव नारनौल की एक विवाहित ने जहरीली वस्तु निगल कर आत्महत्या कर ली। इस संबंधी एस.एच.ओ. हाजीपुर लोमेश शर्मा ने बताया है कि पूरन सिंह पुत्र स्वामी राम गांव रैली ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि उसकी बेटी मीना का विवाह गांव नारनौल के अनिल सिंह के साथ करीब 8-9 वर्ष पहले हुआ था, जिनके  2 बच्चे एक लड़का 6 वर्ष और लड़की 2 वर्ष की है।

उन्होंने बताया कि जब उनकी लड़की विवाह के बाद ससुराल गई थी तो उसके एक महीने बाद उसकी ननंद प्रियंका देवी की शादी थी, जिसमें उसके ससुर करतार सिंह व सास मीना देवी ने उनके द्वारा दिए गए दहेज को अपनी बेटी प्रियंका के दहेज में दे दिया था।  उसके बाद उसकी बेटी मीना के ससुराल वाले उसको तंग और मारपीट करने लग पड़े, जिसके बाद दोनों परिवार में गांव की पंचायतों में बैठकर फैसला भी हुआ था। इसके बाद भी वह उसकी लड़की से मारपीट करते और दहेज की मांग करते रहे। इसके चलते उनकी लड़की मीना देवी ने 12 फरवरी देर शाम को कोई जहरीली वस्तु निगल ली, जिसे लेकर वह सिविल अस्पताल मुकेरियां पंहुचे और उनके जमाई अनिल ने उन्हें फोन पर इसकी सूचना दी। लेकिन जब वह अस्पताल पहुंचे उससे पहले ही उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।

हाजीपुर पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर आरोपी पति अनिल सिंह, ससुर करतार सिंह, सास मीना देवी व ननद प्रियंका के खिलाफ  मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव मृतका के पिता के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी पति को तो हिरासत में ले लिया है और बाकी 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

swetha