बेरोजगारी से परेशान युवक ने फंदे से लटकर दी जान

punjabkesari.in Tuesday, May 15, 2018 - 10:09 AM (IST)

पठानकोट(आदित्य,शारदा): सैली कुलिया में बंद कमरे में पंखे से लटक रहे बी.बी.ए. पास  35 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल पहुंचाया।

 

जहां मृतक की पहचान अर्जुन देव पुत्र जगदीश निवासी मोहल्ला सैली कुलियां के रूप में हुई। मामले की जांच कर रहे पुलिस थाना डिवीजन नम्बर-2 के प्रभारी रविन्द्र सिंह रुबी ने बताया कि  दोपहर के समय मृतक अर्जुन देव के पिता जगदीश ने उन्हें सूचना दी कि उनका बेटा अपने मकान के एक बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ है। सूचना पाकर तुरंत पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और देखा कि बंद कमरे के बाहर तक बदबू आ रही थी। जब उन्होंने कमरा खोलकर देखा तो अर्जुन देव का शव पंखे से लटका हुआ था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल पहुंचाया है। 

 

उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच अनुसार शव बीते 3 दिनों से पंखे से लटका पाया गया है। वहीं मृतक अर्जुन देव के पिता जगदीश अनुसार उनका विवाहित एवं बी.बी.ए. शिक्षा प्राप्त बेटा बेरोजगार होने के कारण अक्सर परेशान रहता था। इसी परेशानी की वजह से वह गत वर्ष से अलग मकान में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। उन्होंने बताया कि गत 5 दिन पहले ही उसकी पत्नी अपने मायके परिवार से मिलने गई हुई थी। उसके जाने के बाद वह अपने काम की तलाश में था तथा इस दौरान वह ढांगू रोड पर अहाता स्थापित करने का भी प्लान कर रहा था, परन्तु वह भी सिरे न चढऩे के कारण और परेशान रहने लगा। 

 

 उन्होंने बताया कि गत शनिवार को उन्होंने अपने बेटे के साथ मोबाइल पर बातचीत करनी चाही परंतु बार-बार घंटी जाने के बावजूद भी उसने फोन रिसीव नहीं किया, जिसके चलते उन्हें लगा कि शायद वह भी अपने ससुराल गया होगा, परन्तु वह वहां पर भी न होने के कारण जब वह आज दोपहर अपने बेटे के मकान में गए तो वहां पर फैली बदबू से वह घबरा गए तथा उनकी आशंका तब और गहरी हो गई जब उनके बेटे का शव एक बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। 

swetha